गौतमबुद्ध नगर से नीरज सिंह, तेजपाल नागर और धीरेंद्र सिंह भाजपा के प्रत्याशी

नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में भी भाजपा ने प्रत्याशी नहीं बदले हैं। तीनों मौजूदा विधायकों को एक बार फिर टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा गया है। जिले की तीनों सीट पर सिटिंग एमएलए पुन: जोर-आजमाइश करेंगे। भाजपा ने दादरी से तेजपाल सिंह नागर, जेवर से धीरेंद्र सिंह और नोएडा से पंकज सिंह को प्रत्याशी बनाया है। टिकट कंफर्म होने से तीनों विधायकों ने राहत की सांस ली है। उधर, टिकट की जुगत में लगे कई दावेदारों को निराशा हाथ लगी है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद संगठन काफी गंभीर है। ऐसे में कई मौजूदा विधायकों के टिकट न काटने का निर्णय लिया गया था।

भाजपा ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए भी प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। इसके तहत दादरी से तेजपाल सिंह नागर, जेवर से धीरेंद्र सिंह और नोएडा से पंकज सिंह को टिकट मिला है। उधर, नामांकन प्रक्रिया जारी है। दूसरे दिन भी कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। नामांकन कक्षों के भीतर और बाहर अनावश्यक भीड़ जुटने से रोकने के प्रबंध किए गए हैं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने पर बल दिया गया है। गौतमबुद्ध नगर में 10 फरवरी को मतदान होना है।

इसके मद्देनजर शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया का आगाज हो गया था। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में नोएडा, दादरी और जेवर विधान सभा सीट के लिए पर्चे भरे जा रहे हैं। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला मुख्यालय के अंदर आने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे तय संख्या से अधिक व्यक्ति प्रत्याशी के साथ नामांकन कक्ष में न जाएं। जिला प्रशासन के मुताबिक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे।

कलेक्ट्रेट के अंदर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कोरोना संक्रमण के कारण उम्मीदवारों के पास पहली बार नामांकन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प मौजूद हैं। कलेक्ट्रेट से नामांकन पत्र भी लिए जा सकते हैं। उधर, एसडीएम (सदर) नोएडा विधान सभा क्षेत्र, एसडीएम (दादरी) दादरी विधान सभा क्षेत्र और एसडीएम (जेवर) को जेवर विधान सभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामांकन प्रक्रिया को तीनों रिटर्निंग आॅफिसर पूरा कराएंगे।