विधानसभा चुनाव का डंका बजते ही धंधकने लगी शराब की भट्टी

-आबकारी विभाग ने ध्वस्त की शराब की भट्टी, 1600 किलोग्राम लहन नष्ट एवं 30 लीटर कच्ची शराब बरामद

गाजियाबाद। जनपद में विधानसभा चुनाव का डंका बजते ही प्रत्याशी अपने क्षेत्र में सक्रिय होना शुरू हो गये है। मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब और पैसा तक बांटे जाने की आशंका है। जिसके चलते जनपद के खादर क्षेत्र में चोरी छिपे अवैध शराब की भट्टी खूब धधक रही हैं। सस्ते के लालच में लोग इस शराब को खरीदते है। आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते और अधिक नशेदार दारू बनाने के चक्कर मे शराब माफिया द्वारा नित्य नये-नये प्रयोग करके दारू निकालने के कच्चे माल लहन में मानव जीवन के लिये हानिकारक वस्तुओं, जहरीली दवाओं, खादों तक का इस्तेमाल करने से भी नही चूकते है। जिनसे कच्ची शराब मे अनलिमिटेड नशा तो आता ही है बल्कि अक्सर दारू के शौकीन लोगों के सेहत के साथ भी खिलवाड़ कर उन्हे मौत के मुंह में ढ़केला का काम किया जाता है। जिससे विधानसभा चुनाव में शराब की तस्करी होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। शराब की तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की गठित टीमें अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के संदिग्ध अड्डों पर छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। साथ ही अन्य स्त्रोतों पर इस संबंध में मिली सूचनाओं व शिकायतों के आधार पर भी दबिश दी जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय व राजमार्गों पर चेकिग की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने विधानसभा चुनाव को लेकर बनाई गई रणनीति के तहत सोमवार देर शाम खादर क्षेत्र में धंधक रही भट्टी को ध्वस्त करते हुए कच्ची शराब बरामद करते हुए मौके से बरामद लहन को नष्ट किया। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार जिला अधिकारी गाजियाबाद एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, मेरठ एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ मंडल के कुशल पर्यवेक्षण में अवैध शराब की निर्माण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा, आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, आबकारी निरीक्षक रमाशंकर सिंह, आशीष पाण्डेय, अरूण कुमार, त्रिवेणी सिंह मौर्य, त्रिभुवन सिंह हंयाकी, प्रशिक्षु ईसा गोयल और लोनी एवं टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित सीती, रिस्तल, भूपखेड़ी, महमूदपुर एवं हिंडन खादर क्षेत्र एवं लोनी स्थित अन्य संदिग्ध स्थलों पर दबिश कर गहन तलाशी की गई।
हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश के दौरान लगभग 1600 किलोग्राम लहन एवं 30 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया। बरामद शराब को जब्त करके उक्त लहन को मौके पर ही नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 02 अभियोग पंजीकृत किया गया।जिला आबकारी अधिकारी ने बताया विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो इसके लेकर विभाग शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। चुनाव के दौरान लोनी के हिंडन खादर क्षेत्र में शराब माफिया निरंतर अवैध शराब बनाने के प्रयास में रहते है। अवैध शराब को विधान सभा चुनाव में खपाने के प्रयास हो रहे हैं। चूंकि अवैध शराब के निर्माण में खर्चा कम और बिक्री से मोटा मुनाफा होता है। इसलिए इस शराब का निर्माण होने की आशंका रहती है। अभियान चलाकर शराब की तमाम भट्टी पकड़ी जा रही है। अभियान में और तेजी लाई जाएगी। इसके साथ आबकारी विभाग की टीम पुलिस के साथ हाइवे, ढाबा के अलावा चेक पोस्ट भोपुरा और टीपी नगर पर टीम लगातार चेकिंग कर रही है। अवैध शराब का कारोबार जनपद में बिल्कुल भी बर्दास्त नही किया जाएगा।