संगठन की मजबूती पार्षद एवं कार्यकर्ता के बिना संभव नहीं
गाजियाबाद। सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारें हिंदू विरोधी है। इन दलों ने हिंदू आस्था के साथ हमेशा खिलवाड़ किया है। हिंदू आस्था के केंद्र सेतु बंध को प्रभावित करने की कोशिश की गई। पहले की सरकार अपने परिवार को ही प्रदेश मानती थी। सभी रिश्तों ने महाभारत की याद दिला दी थी। पूरा खानदान महाभारत का कलयुगी अवतार जैसा था। उनके शासन में कोई ऐसा जिला नहीं बचा था, जहां दंगे नहीं होते थे। यह दंगे हिंदुओं के त्योहार से पहले ही होते थे। हिंदू अपना त्योहार ही नहीं मना पाते थे। यह बातें शनिवार को साहिबाबाद विधानसभा की संयोजक मेयर आशा शर्मा ने विधानसभा कार्यालय पर सभी पार्षदों के साथ बैठक लेते हुए कहीं। उन्होंने कहा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है और भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में कार्यकर्ता के संगठन से सीधे जुड़ाव के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती कार्यकर्ता के बिना संभव नहीं है। आप सभी पार्षद जनता से मिलने की सबसे पहली कड़ी है, आपसे वार्ड के सभी लोग रूबरू है। सभी का व्यवहार अच्छे से जानते है, इसलिए चुनाव में आपकी भूमिका सबसे अहम है। इस चुनाव में आप पार्षद अपने-अपने वार्ड में एक टीम बनाकर घर-घर जाकर लोगो से मिले उनका पुष्प देकर सम्मान करें, एवं अपने अपने वार्डो के ऐसे स्थान जहाँ अधिक से अधिक लोगो का आना जाना है। वहां पर जनता से मिले, उनको पार्टी की योजनाओं से रूबरू कराये और अपना वोट सही स्थान पर देने का आग्रह करें। साथ ही सम्मानित आचारसंहिता के नियमों एवं कोविड नियमो का भी पालन करें।
















