गाजियाबाद। चुनाव प्रचार के सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जगह-जगह जनसंपर्क कर जनसभा की। जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने दंगों की राजनीति की वह आज बेनकाव हो रहे हैं। दंगों की राजनीति करने वाले आज उसी प्रकार के व्यक्तियों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार रहे हैं। सपा के प्रत्याशियों से सभी भली-भांति परिचित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा सरकार ने सभी वादे 5 साल में पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल में विपक्ष के नेता जब ट्विटर पर नागरिकों को गुमराह करने में मशगूल थे, उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हार्य लेब्रोट्रेरी में जाकर वैक्सीन का निर्माण करा रहे थे। नागरिकों का मुफ्त टेस्ट, मुफ्त उपचार, मुफ्त में वैक्सीन, मुफ्त में राशन देने का दायित्व भाजपा सरकार ने उठाया। विपक्ष पर हमला कर सीएम योगी ने कहा कि दोस्त और दुश्मन की पहचान करने का वक्त आ गया है।
उत्तर प्रदेश में 5 साल पहले भय का माहौल था। बेटियां घर से बाहर निकलने से डरती थीं। हर दूसरे दिन दंगा होता रहता था। बेखौफ माफिया भूमि पर कब्जा करते थे। शासन की योजनाओं का लाभ गरीब एवं जरूरतमंदों को नहीं मिल पाता था। आज अपराधियों की हिम्मत नहीं कि किसी संभ्रांत नागरिक की भूमि पर कब्जा कर लें। सीएम ने कहा कि पहले गरीबों के हिस्से का अन्न बांग्लादेशियों को मिलता था। सपा सबसे पहले अपना बंगला बनाती थी। सपा के 300 यूनिट फ्री बिजली देने के वादे पर पर सीएम ने कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि जो आज कह रहे हैं मुफ्त बिजली देंगे उनके समय मे बिजली आती ही नहीं थी। जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल मे सरकारी कर्मचारी के वेतन में कोई कटौती नहीं नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने कोरोना से पलायन कराने वाले को टिकट दिया। सपा ने लोनी, मुरादाबाद, अमरोहा व मेरठ में कैसे व्यक्तियों को टिकट दिया है, वह सभी नागरिक भली-भांति जानते हैं।















