अखिलेश बोलेंगे ईवीएम बेवफा है : अनुराग ठाकुर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर है। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रविवार को लखनऊ पहुंचे। लखनऊ आगमन के दौरान ठाकुर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा से आज जनता खफा है। उन्होंने चुटकी ली कि 10 मार्च को चुनाव परिणाम आने के बाद अखिलेश यादव ईवीएम को बेवफा बताएंगे।

उन्होंने कहा कि सपा में कोई बदलाव नहीं आया है। यह वही सपा है, जिससे जनता बेहद खफा है। लखऊन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मनाई गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और अपर्णा यादव सहित भाजपा के कई नेताओं ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने डोर-टू-डोर कैंपेन भी किया। ऐसे में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपनी सरकार के समय 300 घंटे भी बिजली नहीं दे पाए, मगर अब 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर रहे है।

उनकी सरकार के दौरान कपड़े सुखाने के लिए बिजली के तारों का प्रयोग होता था। उधर, भाजपा में हाल ही में शामिल अपर्णा यादव ने कहा कि डोर-टू-डोर अभियान के तहत मैं नागरिकों से भाजपा को वोट करने की अपील करती हूं। भाजपा सरकार में मां-बहन सभी सुरक्षित महसूस करते हैं। बता दें कि यूपी में 7 चरण में विधान सभा का चुनाव होना है। पहला चरण 10 फरवरी को है।