दंगों के समय यूपी में जश्न मनाती थी सपा सरकार : मोदी

प्रधानमंत्री ने वर्चुअली चुनावी रैली में विपक्ष पर बोला हमला

लखनऊ। यूपी में विधान सभा चुनाव की निकटता के चलते भाजपा ने प्रचार-प्रसार में तेजी दिखाई है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वर्चुअली चुनावी रैली को संबोधित किया। ऐसे में पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में दंगे भड़के थे, उस समय सपा सरकार जश्न मनाने में मशगूल थी। सत्ता जाने के अंधविश्वास में जो नोएडा जाने से कतराते थे, वह आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। पीएम मोदी ने योगी सरकार के पांच साल के कार्यकाल की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि यूपी में पांच साल पहले हालात बेहद खराब थे। पांच साल पहले व्यापारी सरेआम लुटता था, बेटी घर से बाहर निकलने में डरती थी। बेखौफ अपराधी सरेआम घूमते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी जब दंगे की आग में जल रहा था, तब सपा सरकार जश्न मनाती थी। पांच साल में योगी सरकार ने यूपी को विषम परिस्थितियों से बाहर निकाला है। उन्होंने सवाल उठाकर कहा कि जो लोग सत्ता खोने के अंधविश्वास की वजह से नोएडा जैसे युवा आकांक्षाओं के क्षेत्र में आने से भी कतराते हैं, क्या वह युवाओं के सपनों का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं?

जो देश के अपने टीके पर भरोसा नहीं करते, जो अफवाहों को हवा देते हैं, क्या वह यूपी के युवाओं के टैलेंट, उनके इनोवेशन का सम्मान कर सकते हैं ? पीएम मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य था कि किसान को मिलने वाली सरकारी मदद में लूट बंद हो, बेइमानी बंद हो, यूपी के छोटे किसानों के बैंक खाते में सीधी मदद मिले।

पीएम किसान सम्मान निधि से आज उत्तर प्रदेश के किसानों को 43 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा सीधे उनके बैंक खातों में मिले हैं। 2017 से पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक खरीद पिछले पांच साल में एमएसपी पर की गई है। हमने गन्ना किसानों की दिक्कतों को समझ कर उनके बकाए के जल्द से जल्द भुगतान का भी लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को भी हमने तेजी से पूरा किया।