लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। पहले चरण के मतदान का समय नजदीक आ गया है। ऐसे में सियासत भी तेज होती नजर आ रही है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर शहर विधान सभा सीट से नामांकन किया। नामांकन के दौरान सीएम के साथ गृहमंत्री अमित शाह एवं प्रस्तावक विश्वनाथ मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ ने नामांकन के 2 सेट दाखिल किए। गोरखपुर शहर विधान सभा सीट से भाजपा ने सीएम योगी को प्रत्याशी बनाया है।
गोरखपुर शहर योगी आदित्यनाथ का गढ़ भी है। सीएम के नामांकन के दौरान गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी गोरखपुर पहुंचे। यह पहला अवसर है कि तीनों बड़े नेता एक साथ किसी के नामांकन में शामिल होने के लिए गोरखपुर आए हैं। नामांकन के दरम्यान कलेक्ट्रेट परिसर एवं आस-पास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई। जिला मुख्यालय के प्रवेश द्वार से लेकर नामांकन कक्ष के बाहर व भीतर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग भी कराई गई। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य के मान्यता प्राप्त दलों के प्रत्याशियों को एक प्रस्तावक के साथ कलेक्ट्रेट में प्रवेश की अनुमति दी गई है। बता दें कि गोरखपुर क्षेत्र योगी आदित्यनाथ का सबसे मजबूत गढ़ हैं। इस क्षेत्र से वह कई बार चुनाव जीते हैं। सही मायने में गोरखपुर में भाजपा को मजबूती दिलाने का श्रेय भी योगी को जाता है।
















