कांग्रेस नेता के ठिकानों पर सीबीआई की रेड

दिल्ली, मुंबई व कर्नाटक में छापा, 50 लाख बरामद

नई दिल्ली। कांग्रेस के कर्नाटक प्रमुख डीके शिवकुमार की मुश्किलें कम नहीं हो सकी हैं। शिवकुमार और उनके भाई सांसद डीके सुरेश के 15 ठिकानों पर सोमवार को सीबीआई ने छापेमारी की। कनार्टक और मुंबई आदि में यह कार्रवाई की गई। इस दरम्यान 50 लाख रुपए बरामद होने की खबर है। भ्रष्टाचार के कथित मामले में डीके शिवकुमार काफी समय से सीबीआई के रडार पर हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को सीबीआई की टीमों ने शिवकुमार और उनके भाई डीके सुरेश से जुड़े 15 ठिकानों पर छापेमारी की। सुबह 6 बजे से यह कार्रवाई शुरू की गई। छानबीन के दौरान 50 लाख रुपए बरामद किए गए। सीबीआई ने कांग्रेस नेता शिवकुमार के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है। शिवकुमार के कर्नाटक सरकार में मंत्री रहने के दौरान जुटाई गई संपत्तियों के संबंध में जांच हो रही है। सीबीआई की टीमों ने कर्नाटक, दिल्ली और मुंबई में छापेमारी की है। डीके शिवकुमार के नजदीकी इकबाल हुसैन के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। उधर, इस मुद्दे पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा की आलोचना की है। सिद्धारमैया ने कार्रवाई को बदले की राजनीति करार दिया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा हमेशा बदले की राजनीति करने और जनता को गुमराह करने का प्रयास करती रही है। वहीं, सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि मोदी-येदियुरप्पा के डराने धमकाने और कुचक्र के कपटपूर्ण खेल को कठपुतली सीबीआई द्वारा डीके शिवकुमार के परिसरों पर छापे मारकर अंजाम दिया जा रहा है, जिससे हम डरने वाले नहीं हैं। सीबीआई को येदियुरप्पा सरकार में भ्रष्टाचार की परतों को उजागर करना चाहिए।