कुशीनगर में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरने से 13 की मौत

मटकोर कर घर लौट रहे नागरिकों के साथ दुर्घटना

लखनऊ। कुशीनगर जनपद में बड़ा हादसा प्रकाश में आया है। मटकोर की रस्म अदा कर घर लौटे रहे 23 नागरिक अचानक अंधेरे कुएं में जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान 13 नागरिकों की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में बचाव एवं राहत कार्य शुरू कराया। तदुपरांत सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह दर्दनाक घटना कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के नौरंगिया में हुई है।

हादसे में घायल नागरिकों को नेबुआ नौरंगिया सीएचसी पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सीएमओ डॉ सुरेश पटारिया ने बताया कि 11 शव जिला अस्पताल पहुंचे थे। 2 और शव आने की सूचना है। उधर, जिलाधिकारी राजलिंगम ने 13 नागरिकों की मौत होने की तस्दीक की है। घटनाक्रम के मुताबिक नौरंगिया के स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के बेटे की ब्रहस्पतिवार को शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में महिलाएं हल्दी की रस्म अदायगी के दरम्यान गांव में बाहर मटकोर करने गई थीं। उनके साथ कुछ बच्चे भी थे। लौटते समय काफी रात हो गई। रास्ते में भीड़ ज्यादा थी। महिलाएं और किशोरियां नाचते-गाते लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गांव में आने का रास्ता काफी संकरा है। रास्ते के किनारे गहरा कुआं है। जिस पर करीब 20 साल पहले स्लैब पड़ी थी। जगह न मिलने पर कुछ बच्चे और महिलाएं कुएं पर चढ़ गए। ऐसे में स्लैब अचानक टूट गई। नतीजन कई लोग कुएं में गिर पड़े। हादसे की सूचना पाकर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में पंप लगवाया। पानी निकालने के साथ गिरे नागरिकों को निकालने का काम भी शुरू किया गया। कुएं में कुल 23 नागरिक गिरे थे।

सभी को नजदीक के अस्पताल भेजा गया। इनमें 13 की हालत गंभीर देख कर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। इन सभी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, कुशीनगर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दु:ख जाहिर किया है। उन्होंने कुशीनगर जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर राहत और बचाव कार्य समुचित ढंग से संचालित करने तथा घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।