लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रहस्पतिवार को कांग्रेस और सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी में भी घोर परिवारवाद है। पिछले कई दशक से कांग्रेस और सपा एक ही परिवार की बंधक हैं। घोर परिवारवादियों ने कांग्रेस कल्चर में खुद को ढाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अमेठी में भाजपा के अमेठी, सुलतानपुर और रायबरेली के डलमऊ के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियां हमेशा संविधान का अपमान करती हैं। यह पार्टियां युवा प्रतिभा का नुकसान करती हैं।
इसके इतर भाजपा पिता एंड संस की प्राइवेट पार्टी नहीं है। ना कभी ऐसा हो सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि परिवारवादी राजनीति में पार्टी का अध्यक्ष परिवार का होता है। सभी महत्वपूर्ण पदों पर संबंधित परिवार के सदस्य विराजमान होते हैं। महत्वपूर्ण पदों पर दावेदारी उसी परिवार के सदस्यों की होती है। परिवारवादी राजनीति से भी देश का काफी नुकसान होता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भी उनका प्रत्येक फैसला वोट बैंक की राजनीति के हिसाब से होता है। ये फैसला यदि देशहित के खिलाफ हो, तो भी ये नेता उस निर्णय को लेने में जरा भी नहीं हिचकते। उन्होंने कहा कि देश को आजादी मिलने के बाद से कांग्रेस में दिक्कत आना शुरू हुई। जब एक ही परिवार ने पार्टी पर कब्जा करना आरंभ कर दिया। समूचे देश में कई पार्टियां कांग्रेस को देखकर ये सीख गर्इं और पूरे लोकतंत्र को दीमक की तरह काफी बड़ा नुकसान कर दिया।
















