गाजियाबाद। नगर निगम में इंजीनियरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। कार्यक्षेत्र में बदलाव के बाद असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) श्याम सिंह और जूनियर इंजीनियर योगेश कुमार को जोर का झटका दिया गया है। चर्चा है कि दोनों के पर कतर दिए गए हैं। कार्यक्षेत्र में बदलाव के बाद संबंधित इंजीनियरों को नई जिम्मेदारी तत्काल संभालने के आदेश भी दे दिए गए हैं। इस फेरबदल की नगर निगम में जोरों पर चर्चाएं चल रही हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कई एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।
इन सभी को एकाएक इधर से उधर कर दिया गया है। फेरबदल की इस प्रक्रिया को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। माना जा रहा है कि नगर निगम में असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) श्याम सिंह और जूनियर इंजीनियर योगेश कुमार के पर कतरे गए गए हैं। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) देशराज सिंह को विजय नगर एवं सिटी जोन से हटाकर वसुंधरा व मोहन नगर जोन, सैय्यद फरीद अख्तर को सिटी, कविनगर और विजय नगर जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) को कविनगर और विजय नगर का दायित्व सौंपा गया।
श्याम सिंह पर इसके पहले कविनगर व विजय नगर के अलावा वसुंधरा जोन की भी जिम्मेदारी थी। अनूप कुमार को वसुंधरा जोन का चार्ज मिला है। इसके अलावा जूनियर इंजीनियर योगेश कुमार, राजेंद्र सिंह, नागेंद्र कुमार शर्मा, कपिल मोहन, योगेश दीक्षित, गणेशी लाल, पूजा सिंह, श्रीकांत सिंह राना व शिव कुमार सरोज के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया गया है। किसी की जिम्मेदारी कम की गई है तो किसी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नगर निगम के सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर एवं वसुंधरा जोन में यह इंजीनियर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

चीफ इंजीनियर, गाजियाबाद नगर निगम
नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी का कहना है कि निर्माण कार्यों को गति देने के मकसद से यह फेरबदल किया गया है। शहर में जारी निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कराना नगर निगम की प्राथमिकता में शामिल है। सभी इंजीनियरों को नई जिम्मेदारी का निर्वहन करने के निर्देश दे दिए गए हैं।















