– चीफ इंजीनियर ने सभी जोन के जेई, एई और एक्सईएन के साथ की विकास कार्यों की प्रगति बैठक
– 25 मार्च से पहले स्कूलों से संबधित समस्त कार्यों को पूर्ण कराने की दी चेतावनी
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। विकास कार्यों को समय पर पूरा नहीं कराने वाले ठेकेदारों के प्रति नरमी बरतने वाले जूनियर इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंगलवार को निगम मुख्यालय में सभी जोन के जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और एग्जयूकेटिव इंजीनियर के साथ बैठक करते हुए चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने यह चेतावनी दी। चीफ इंजीनियर ने 14वें वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग और स्कूलों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एग्जयूकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, एग्जयूकेटिव इंजीनियर जैदी, असिस्टेंट इंजीनियर देवी सिंह, श्याम सिंह, एसके रॉयल, अनूप कुमार, जूनियर इंजीनियर संजय गंगवार, योगेश कुमार, कपिल मोहन, पूजा सिंह, गणेशी लाल, नरेंद्र शर्मा, योगेंद्र दीक्षित, राजेद्र सिंह, शिवकुमार सरोज, श्रीकांत राणा मौजूद थे।
बैठक के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए चीफ इंजीनियर ने सभी जोनों में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। अधूरे पड़े कार्यों का ब्यौरा मांगा और सभी जेई को अपने क्षेत्र में ऐसे कार्यों की सूची तैयार करने को कहा जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं। दरअसल कई ठेकेदारों द्वारा वर्क ऑर्डर हासिल करने के बावजूद काम नहीं शुरू किया गया है। ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 14वें वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए चीफ इंजीनियर ने कहा कि काम पूरा क्यों नहीं हुआ है। उसका कारण बताया जाये। स्कूल से संबंधित कार्य नगर निगम की प्राथमिकता में है। ऐसे में इसे हर हाल में जल्द से जल्द पूरा कराने को कहा गया है। स्कूलों से संबंधित मरम्मत और जीर्णोद्धार के कामों को 25 मार्च तक पूरा करने को लेकर चेतावनी दी है। काम पूरा नहीं करने वालों ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। चीफ इंजीनियर ने सभी जेई को को प्रत्येक सप्ताह अपने वार्ड के कामों की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा है। जेई को फटकार लगाते हुए चीफ इंजीनियर ने कहा कि काम प्राथमिकता में होना चाहिये और काम को लेकर किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चीफ इंजीनियर गाजियाबाद नगर निगम
नगरायुक्त के निर्देशानुसार विकास कार्यों को तेजी से कराया जा रहा है। सभी जोन के इंजीनियरों के साथ बैठक की गई। क्षेत्र में जो विकास कार्य चल रहे हैं उसके प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। टेंडर लेने के बावजूद काम शुरू नहीं करने वालों ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ठेकेदारों को नोटिस भेजा जा रहा है। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एनके चौधरी
चीफ इंजीनियर गाजियाबाद नगर निगम
















