गाजियाबाद। विधान सभा चुनाव के परिणाम आने में अब 24 घंटे से भी कम का समय शेष है। जनपद गाजियाबाद में विधान सभा की 5 सीटों पर 52 प्रत्याशियों की किस्मत का भी निर्णय हो जाएगा। मतगणना का समय नजदीक आने पर सभी प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ी हुई है। किस्मत किसका साथ देगी यह देखना दिलचस्प होगा। प्रशासनिक स्तर पर मतगणना की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। 10 मार्च यानी गुरुवार को सुबह साढ़े आठ बजे से मतगणना प्रक्रिया की शुरूआत हो जाएगी। इसके बाद सुबह साढ़े नौ से दस बजे के बीच रुझान आने शुरू हो जाएंगे। विधान सभा चुनाव में सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के सामने देखने को मिल रही है। दरअसल पिछले विधान सभा चुनाव में भाजपा ने सभी 5 सीट पर जीत दर्ज की थी। इस बार भगवा पार्टी को कितनी सीट मिल पाएंगे, इसे लेकर अभी सिर्फ कयासबाजी चल रही है।
2017 में छा गया था भगवा दल
गाजियाबाद जिले में विस की पांच सीट हैं। जिनमें लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद सदर एवं मोदीनगर शामिल हैं। 2017 के चुनाव में लोनी में भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर, मुरादनगर में अजीत पाल त्यागी, साहिबाबाद में सुनील शर्मा, गाजियाबाद सदर में अतुल गर्ग व मोदीनगर में डॉ. मंजू सिवाच ने बाजी मारी थी। 2022 के चुनाव में भाजपा ने इन पांचों विधायकों को पुन: टिकट देकर मैदान में उतारा। भाजपा का यह निर्णय कितना सही साबित होगा, इसका भी गुरुवार को पता चल जाएगा। इस बार विधान सभा चुनाव में पांचों सीट पर कुल 52 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई है।
किसे मिलेगा मतदाताओं का आशीर्वाद
भाजपा के अलावा सपा-रालोद गठबंधन, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) के अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनावलड़ा है। पांचों विधान सभा क्षेत्र में रोचक मुकाबला देखने को मिला था। मतदाताओं का आशीर्वाद किसे मिलेगा, यह मतगणना के उपरांत मालूम पड़ जाएगा। फिलहास कयासों का दौर जारी है। एग्जिट पोल के अनुमान सामने आने के बाद से भाजपा खेमे में खुशी जरूर देखने को मिल रही है, मगर विपक्ष के प्रत्याशी भी अभी हार मानने को राजी नहीं हैं। वह अपनी शानदार जीत के प्रति आशावान नजर आ रहे हैं।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
अनाज मंडी गोविंदपुरम में मतगणना होनी है। सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट पेपर की मतगणना सबसे पहले की जाएगी। तदुपरांत सुबह साढ़े आठ बजे से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती आरंभ होगी। मतगणना के लिए 12 हॉल बनाए गए हैं। 84 टेबल पर ईवीएम में पड़े वोटों की और 10 टेबल पर पोस्टल बैलेट पेपर से पड़े वोटों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती की ईवीएम के अंतिम 2 चक्र की गिनती से पहले पूरी करनी अनिवार्य होगी। लोनी में 40, मुरादनगर में 41, साहिबाबाद में 42, गाजियाबाद सदर में 39, मोदीनगर में 30 चक्र में गिनती पूरी होगी। कुल 192 राउंड में मतगणना कराई जानी है। लोनी में 644, मुरादनगर में 2,219, साहिबाबाद में 1,381, गाजियाबाद सदर में 908 और मोदीनगर में 1,264 मत पोस्टल बैलेट पेपर से पड़े हैं।
58.49 प्रतिशत हुआ था मतदान
जिले में पांचों विधान सभा क्षेत्र में कुल 27 लाख 93 हजार 865 मतदाता हैं। साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में सर्वाधिक 10 लाख 20 हजार 385 मतदाता हैं। इसी प्रकार लोनी में 5 लाख 12 हजार 752, मुरादनगर में 4 लाख 56 हजार 745, गाजियाबाद में 4 लाख 72 हजार 771 और मोदीनगर विधान सभा क्षेत्र में 3 लाख 31 हजार 211 मतदाता पंजीकृत हैं। विगत 10 फरवरी को संपन्न चुनाव में जिले में कुल 58.49 प्रतिशत वोट डाले गए थे। लोनी में 61.87 प्रतिशत, मुरादनगर में 59.70 प्रतिशत, गाजियाबाद सदर में 51.77 प्रतिशत, साहिबाबाद में 47.22 प्रतिशत और मोदीनगर में 66.50 प्रतिशत वोट पड़े थे। इसके अलावा धौलाना (आंशिक) में 63.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
राजनीतिक सरगर्मी जोरों पर
मतगणना प्रक्रिया से पहले राजनीतिक सरमर्गी जोरों पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के दफ्तरों में बुधवार को काफी गहमा-गहमी रही। वहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संभावित चुनावी नतीजों को लेकर खूब चर्चा की। भाजपा, कांग्रेस, सपा एवं बसपा आदि के कार्यालय में सुबह से दोपहर तक नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाजाही लगी रही।
















