जनता लाइब्रेरी की पहल, गोरखपुर के बड़हलगंज में कवियों ने बांधा समां
गोरखपुर। जनता लाइब्रेरी के तत्वावधान में बड़हलगंज में रसरंग कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कवि सम्मेलन में कवियों ने काव्य पाठ के जरिए श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने एक से बढ़कर एक कविता सुनाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। कवियों ने विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। सबसे पहले रतन शाही ने श्रोताओं को जनता लाइब्रेरी की ध्येय यात्रा और टीम जनता लाइब्रेरी के संघर्षों से अवगत कराया। यह लाइब्रेरी देश के उस चिल्लूपार क्षेत्र में खुली है, जो कभी समूची दुनिया में अपराध में टॉप पर था।
वर्तमान में सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता प्रणव द्विवेदी ‘शुभम’ के नेतृत्व में युवाओं की टीम दक्षिणांचल क्षेत्र में ज्ञान व शिक्षा की अलख जगाने के लिए प्रयत्नशील है। काव्य संध्या का प्रारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। तदुपरांत कवियत्री प्रियंका राय ने वीर रस की कविता पेश की। कवि लखनवी शेखर ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आंधी पर पैरोडी सुनाकर विपक्षी दलों पर तंज कसा। उनकी रचना बुलडोजर बुलडोजर माना नहीं, माना नहीं सब कुचल गया को श्रोताओं ने काफी पसंद किया। कवियत्री मीरा तिवारी ने आप तो पत्थर की मूरत हो गए और ज्यादा और ज्यादा खूबसूरत हो गए, गीत सुनाकर खूब तालियां बटोरी।
युवा कवि निर्भय निनाद ने अपनी रचना ठहर जाऊं मैं तो ठहराव वाला हूं, गमों में मुस्कुराता मैं, लड़का गांव वाला हूं। इसके बाद आए लखीमपुर के राष्ट्रवादी कवि नवल सुधांशू ने अपनी रचनाओं दिलों में व आंखों के अंदर रहूंगा, नदी के लिए मैं समंदर रहूंगा! तुम्हारी नजर में भले कुछ रहूं न रहूं, मैं मां की नजरों में सिकंदर रहूंगा, के साथ महफिल में चार चांद लगा दिए। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में लॉ के प्रोफेसर डॉ. श्लेष गौतम ने यही जज्बा रहा तो मुश्किलों का हल भी निकलेगा, मेरी हर धड़कन में मुल्क जिंदाबाद रहता है, याद रखती है दुनियां मगर बस उसे, जान दे दे जो अपनी वतन के लिये, सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिलेश द्विवेदी ने हास्य व्यंग की रचनाओं से चारों तरफ तीर चलाए। उनकी रचना आये थे तीर मारने, मरकर चले गए, साईकिल पर बैठे और तोड़ कर चले गये और चच्चा ने राजनीति में बच्चा जिसे समझा, बच्चा वही चच्चा का भी चच्चा निकल गया, जैसी हास्य कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को हंसा-हंसाकर लोट-पोट कर दिया। अंत में जनता लाइब्रेरी के संयोजक प्रणव कुमार ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चिल्लूपार के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक राजेश त्रिपाठी, सिद्धि पीठ मदरिया के महंत श्रीश दास, ब्लॉक प्रमुख आशीष राय, भाजपा नेता महेश उमर, आलोक त्रिपाठी, राजीव पांडेय, आनंद त्रिपाठी, डॉ. परमहंस सिंह, विपिन शाही, रूद्रेश तिवारी, रमन शाही आदि मौजूद रहे।
















