कैबिनेट मंत्री, उनकी पत्नी व बेटी भी संक्रमित
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप रूक नहीं पाया है। अब कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज, उनकी पत्नी और बेटी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। स्वास्थ्य बिगडऩे पर भारद्वाज की पत्नी को शिमला के आईजीएमसी अस्पताल लाया गया। वहां कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने पर उपचार शुरू किया गया। कोरोना के चलते मुख्यमंत्री कार्यालय को भी सील करना पड़ा है। हिमाचल प्रदेश सरकार के 3 मंत्री अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज से पहले ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी व जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर कोरोना संक्रमित हो गए थे। सुखराम और महेंद्र की तबीयत में अब सुधार है। इसके अलावा भाजपा के बंजार से विधायक सुरेंद्र शौरी कोरोना पॉजिटिव हैं। इसी कड़ी में भाजपा विधायक परमजीत पम्मी भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर क्वारंटीन चल रहे हैं। वह भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी के संपर्क में आए थे। इसके बाद उन्हें क्वारंटीन होना पड़ा है। वह अटल टनल के उद्घाटन समारोह के दौरान एक बैठक में शौरी से मिले थे। उधर, राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय को सील कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव के कोरोना पॉजिटिव आने के कारण अगले 48 घंअे तक दफ्तर सील रहेगा। सीएम जयराम ठाकुर भी वीरवार को कार्यालय नहीं आएंगे। 9 अक्तूबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश में कोरोना की रफ्तार रूक नहीं पाई है। इस महामारी से निपटने के लिए सरकार अपने स्तर से हरसंभव प्रयास कर रही है, मगर परिणाम आशाजानक नहीं मिल पाए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना संक्रमित रोगियों की खोजबीन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें निरंतर काम कर रही हैं। बता दें कि भारत में कोरोना वायरस की वजह से एक लाख से ज्यादा नागरिकों की मौत हो चुकी है। देश के विभिन्न राज्यों में अभी भी कोरोना का प्रकोप और खौफ कायम है।
















