बिहार : बाहुबली नेता अनंत सिंह ने नामांकन किया

नीतीश कुमार से बैर, तेजस्वी के प्रति उमड़ा प्रेम

पूर्व सीएम मांझी को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने दिया झटका

पटना। बिहार के विधान सभा चुनाव में दिन-प्रतिदिन नए घटनाक्रम देखने को मिल रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों में उठा-पटक का दौर जारी है। इस बीच बाहुबली नेता अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट से नामांकन दाखिल कर दिया है। वह मोकामा विधान सभा क्षेत्र से मैदान में उतरे हैं। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने बुधवार को पार्टी और पद दोनों से इस्तीफा दे दिया है। टिकट न मिलने से वह नाराज चल रहे थे। इसके चलते उन्होंने पार्टी छोडऩे का फैसला लिया। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। विभिन्न दलों ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। बाहुबली नेता अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दामन थामा है। राजद के टिकट से उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। वह बाढ़ में मोकामा विधान सभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे हैं। नामांकन के बाद अनंत सिंह ने कहा कि तजस्वी यादव अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जेल जाना पड़ेगा। वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा में भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की इस पार्टी में भी असंतोष देखने को मिला है। पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने पार्टी और पद दोनों को छोड़ दिया है। उन्होंने नवादा सीट से निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा की है। वह नवादा से टिकट चाहते थे, मगर मांझी इसके लिए तैयार नहीं थे। दरअसल जीतन राम मांझी की पार्टी इस चुनाव में एनडीए के साथ है। पार्टी के हिस्से में सिर्फ 7 सीटें आई हैं। मांझी ने 7 में से 3 सीटें अपने परिवार के लिए रखी हैं। इमामगंज से जीतन राम मांझी, बाराचट्टी से ज्योति देवी, कुटुम्बा से श्रवण भुइयां, कस्बा से राजेंद्र यादव, सिकंदरा से प्रफुल्ल मांझी, टेकारी से अनिल कुमार, मखदुमपुर से देवेंद्र मांझी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी बनाए गए हैं।