गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। नंबर वन आने के लिए धरातल पर खूब काम किया जा रहा है। स्वच्छता कार्यों की मॉनिटरिंग और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर खुद फील्ड में उतर रहे हैं। इस दौरान कमियां सामने आने पर वह सुधार लाने की सलाह दे रहे हैं। नगरायुक्त से प्रोत्साहन मिलने पर मातहत भी शिद्दत के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने ब्रहस्पतिवार को शहर भ्रमण के दरम्यान स्वास्थ्य विभाग की टीम को मोटिवेट किया।
नगरायुक्त तंवर ने सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर एवं वसुंधरा जोन का निरीक्षण किया। राका पार्क, कविनगर जोनल कार्यालय, सम्राट चौक विजय नगर, सेक्टर-4 वसुंधरा तथा मोहन नगर जोन में गैराज का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय सभी प्रभारी जोनल कार्यालय में उपस्थित मिले। इसके साथ स्वास्थ विभाग की टीम के साथ मिलकर शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पार्कों में साफ-सफाई कराई गई। नगरायुक्त तंवर को स्वच्छता मुहिम में सक्रिय देखकर आम नागरिक भी सहयोग करने को उतावले दिखाई दिए।
नगरायुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्माण विभाग की टीम को सम्राट चौक विजय नगर तथा वसुंधरा सेक्टर-4 चौराहे का सौंदर्यीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए। दोनों स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट लगाने की योजना बनाने पर भी जोर दिया गया। नगरायुक्त ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा, खूबसूरत एवं प्रदूषण रहित बनाने के लिए भरसक प्रयास किए जाएं। शहर को स्वच्छ बनाने में पार्षदों एवं नागरिकों का अपेक्षित सहयोग मिल रहा है। निकट भविष्य में इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग टीम वर्क के साथ कार्य करें। टीम वर्क से काम करने के परिणाम भी ज्यादा बेहतर मिलते हैं। पूर्व में सामने आ चुकी कमियों को नजरअंदाज न किया जाए बल्कि कमियों को दूर करने की दिशा में प्रयास जारी रखे जाएं। इस अवसर पर अपर नगरायुक्त अरुण कुमार यादव, एसबीएम नोडल प्रभारी डॉ. मिथिलेश कुमार, एसबीएम लिंक नोडल ऑफिसर एवं कविनगर जोनल प्रभारी बनारसी दास, विजय नगर जोनल प्रभारी राम बली पाल, स्वास्थ्य विभाग चीफ गजेंद्र कुमार, कविनगर के एसएफआई नरेंद्र कुमार, मोहन नगर जोन के एसएफआई संजीव कुमार, जलकल विभाग से योगेंद्र यादव तथा निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजय गंगवार आदि उपस्थित रहे।
















