एक्शन में नगर विकास मंत्री एके शर्मा, काम के बदले अफसरों को मिली प्रशंसा

प्रतिदिन प्रात: 5 से 8 बजे तक सफाई के निर्देश, 10 से 12 बजे तक दफ्तर में बैठेंगे अफसर

लखनऊ। योगी सरकार के नगर विकास मंत्री एके शर्मा एक्शन में आ गए हैं। सूबे में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और प्रत्येक कार्यदिवस में निर्धारित समय पर अधिकारियों की कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने को वह काफी गंभीर हैं। नगर विकास मंत्री शर्मा ने वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बुधवार को सभी नगर निकायों को जिन दो महत्वपूर्ण बिंदुओं पर काम करने के निर्देश दिए थे, उनका अनुपालन ब्रहस्पतिवार को होता नजर आया। इसके बाद मंत्रीजी ने ट्वीट कर संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा की। साथ उन्होंने यह भी कहा कि काम की यह निरंतरता कायम रहनी चाहिए ताकि जनता को इसका फायदा मिल सके। योगी सरकार 2.0 में नगर विकास मंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद एके शर्मा ने काम के समर्पण दिखाना शुरू कर दिया है। नगर विकास मंत्री शर्मा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के नगर निकायों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया था। ऐसे में सभी नगरायुक्त के अलावा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए थे। मंत्री शर्मा ने कहा था कि प्रतिदिन प्रात: 5 से 8 बजे तक सफाई कार्य कराया जाए। काम की मॉनिटरिंग करने के लिए विभागीय अधिकारी भी फील्ड में पहुंचे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अधिकारी कार्यालयों में उपस्थित रहकर जन-शिकायतों की सुनवाई करें। इससे जनता को राहत मिल सकेगी। नगर विकास मंत्री के आदेश का ब्रहस्पतिवार को प्रदेशभर में अनुपालन देखने को मिला। नगर निकायों में निर्धारित समय पर स्वच्छता कार्य आरंभ कर दिया गया। कार्य की निगरानी के लिए विभागीय अधिकारी भी सुबह-सवेरे फील्ड में उतर गए। तदुपरांत सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नगर निगमों, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में जिम्मेदार अधिकारियों ने जन-शिकायतों की सुनवाई की।

उधर, गाजियाबाद शहर में भी नगर विकास मंत्री के आदेश का पूरा असर देखने को मिला। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर सुबह के समय शहर के विभिन्न जोन में सफाई कार्य का जायजा लेने निकले। इस दौरान उन्होंने मातहतों को काम के प्रति प्रोत्साहित भी किया। वहीं, नगर विकास मंत्री शर्मा ने ट्वीट के जरिए नगर निकायों के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि काम के प्रति समर्पण का यह भाव निरंतर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्फाई से स्वास्थ्य और स्वास्थ्य से संवृद्धि। जनसेवा के इस कार्य को रोज करते रहना है।