गाजियाबाद शहर में नगर निगम ने ध्वस्त किए अवैध निर्माण
गाजियाबाद। दिल्ली में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई पर बेशक रोक लग चुकी है, मगर गाजियाबाद में भू-माफिया के खिलाफ बुलडोजर की दहाड़ जारी है। भू-माफिया के प्रति गाजियाबाद नगर निगम किसी प्रकार की नरमी बरतने के मूड में नहीं हैं। अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बदस्तूर जारी है। दरअसल योगी सरकार की मंशा को ध्यान में रखकर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर भू-माफिया को बख्शने की स्थिति में नहीं हैं। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई को रूकवाने के लिए सिफारिशें भी आती हैं, मगर उन पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। मकसद सिर्फ शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने का है। इसी क्रम में नगर निगम ने कविनगर जोन के अंतर्गत मुखर्जी चौक, इंडस्ट्रीयल एरिया, राष्ट्रीय राजमार्ग-24 से डायमंड फ्लाईओवर तक अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। एनएच-24 से डायमंड फ्लाईओवर तक अवैध रूप से कुछ दुकानें व पक्का निर्माण कर लिया गया था। इस संबंध में श्रिायत मिलने पर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से पहले कविनगर जोनल जोनल प्रभारी बनारसी दास द्वारा कई बार अनाउंसमेंट कराया गया ताकि किसी प्रकार की जान-माल की हानि ना हो और नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। जोनल प्रभारी बनारसी दास ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जहां शहर की स्वच्छता व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, वहीं अतिक्रमण के खिलाफ भी निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि एनएच-24 पर आईएमएस कॉलेज से लेकर मुखर्जी पार्क होकर डायमंड फ्लाईओवर तक की साइड पटरियों पर अवैध रूप से किए पक्के निर्माण को ध्वस्त कराया गया है।
उक्त स्थल पर सफाई अभियान भी चलाया गया, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा नहीं होगी। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों द्वारा कई बार शिकायत की गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेकर अभियान चलाया गया ताकि अवैध रूप से किए गए निर्माण को हटाकर वहां पर अब साफ-सफाई कराकर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। इस मौके पर प्रवर्तन दल के साथ-साथ संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ आदि मौजूद रहे।















