नगरायुक्त ने घटना का संज्ञान लिया, निजी कंपनी को नोटिस
गाजियाबाद। शहर की गोविंदपुरम कॉलोनी में खुले सीवर मैनहोल में गिरने से बच्ची की जान पर बन आई। किसी राहगीर की मदद से बच्ची को मैनहोल से बाहर निकाल लिया गया था। घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम एकाएक हरकत में आ गया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने घटना का संज्ञान लिया। इसके बाद खुले मैनहोल को तत्काल बंद करा दिया गया। नगरायुक्त की सक्रियता से नागरिकों का आक्रोश भी दब गया। गोविंदपुरम कॉलोनी में सीवर में बच्ची के गिरने का वीडियो सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति बच्ची को सीवर में कूदकर बचा रहा है।
नागरिकों ने बताया कि बच्ची को गिरते देख कुछ राहगीरों ने देख लिया था, जिसके बाद उसे तुरंत रेस्क्यू कर लिया। बच्ची के गिरने पर लोग नगर निगम पर आक्रोशित हो रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि शहर में विभिन्न स्थानों पर सीवर टैंक टूट गए हैं। जहां अभी तक निर्माण कार्य नहीं कराया गया है। जिस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उधर, गोविंदपुरम की घटना संज्ञान में आने पर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने मातहतों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नगरायुक्त का कहना है कि सीवर में गिरी बच्ची को नगर निगम तथा नागरिकों के सहयोग से सकुशल बचा लिया गया है।
संबंधित स्थान का विभागीय अधिकारियों ने तत्काल निरीक्षण कर मैनहॉल को बंद करा दिया है। नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारी को शहर में काम कर रही कंपनी वन सिटी वन ऑपरेटर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को पूरे शहर में इस प्रकार की समस्या का निस्तारण करने के लिए निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। नगरायुक्त का कहना है कि शहरवासियों के सहयोग के लिए नगर निगम हमेशा तत्पर रहता है। इस प्रकार की कोई भी समस्या अगर देखने में आती है तो तत्काल संबंधित विभाग में सूचित करें।















