-जांच के लिए एडीएम-एसपी देहात के नेतृत्व में बनाई कमेटी, 45 दिन में देगी कमेटी रिपोर्ट
-डीएम-एसएसपी ने की घंटों परिजनों से वार्ता
गाजियाबाद। मोदीनगर के दयावती मोदी पब्लिक स्कूल की बस में 20 अप्रैल को छात्र अनुराग की हुई मौत के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी मुनिराज जी ने छात्र के परिजनों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक हुई। हालांकि इस दौरान कई बार परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी जताई। दो घंटे तक चली इस बैठक में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने पूरे मामले की पूरी जांच के लिए एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास और एसपी देहात डॉ. ईरज राजा की एक कमेटी गठित की है। जो 45 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने भी जिला प्रशासन के इस प्रस्ताव को स्वीकार किया है, लेकिन परिजन एफआईआर दर्ज होने के बाद भी स्कूल प्रिंसिपल को पुलिस द्वारा छोडऩे से नाराज दिखे। पुलिस ने इस मामले में पहले स्कूल प्रिंसिपल नेत्रपाल सिंह, उमेश मोदी, ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और प्रिंसिपल को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन बाद में प्रिंसिपल को थाने से छोड़ दिया गया। इससे नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मंगलवार को पुलिस कार्रवाई से नाराज बच्चे के पिता,मां नेहा आदि जिलाधिकारी और एसएसपी से मिले।

कलेक्ट्रेट सभागार में दो घंटे तक चली वार्ता में कई बार हंगामे की स्थिति बनी। बैठक में परिजनों के साथ गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा त्यागी भी मौजूद रहीं, लेकिन प्रशासन की ओर से उन्हें परिजनों का पक्ष रखने से रोका गया। हालांकि इस वार्ता के बाद कमेटी गठित होने पर परिजन आश्वस्त दिखे और उन्होंने पूरा भरोसा जताया है कि उन्हें न्याय मिलेगा। वहीं,बैठक के बाद डीएम और एसएसपी ने बताया कि इस मामले की पूरी जांच निष्पक्षता से कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी दोषी होगा,उसे बख्शा नहीं जाएगा। उस पर कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जो 45 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। एसएसपी मुनिराज जी ने कहा कि परिजनों के आरोप बेबुनियाद है,इस मामले में पूरी तरह से नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने पर ही आगे कुछ कहा जा सकता है।कमेटी गठित कर दी गई है।कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जीपीए ने दिया धरना
मोदीनगर में हुए बस हादसे से पीडि़त परिजन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी और एसएसपी के साथ बैठक हो रही थी। वहीं, गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी जिलाधिकारी ऑफिस के सामने ही न्याय की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। बैठक समाप्त होने तक अभिभावक धरने पर बैठे रहे। एसोसिएशन ने कहा कि जब तक परिजनों को न्याय नहीं मिल जाता,तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि इस दौरान कई बार अधिकारियों ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन अभिभावक नहीं हटे। वहीं, दो पक्ष भिड़े डीएम कायाज़र््लय में परिजनों और प्रशासन के अधिकारियों के साथ अंदर बैठक चल रही थी, लेकिन बाहर दो पक्ष आपस में इस मामले को लेकर भिड़ गए।पेरेंट्स एसोसिएशन और मोदीनगर से ही दूसरा पक्ष परिजनों के साथ आया था,लेकिन बैठक के दौरान परिजनों के अलावा अन्य किसी को नहीं आने दिया यहां तक की मीडिया को भी बैठक से दूर रखा गया।
















