गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल चौधरी राम प्रकाश गुप्ता की 18वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इसके मद्देनजर इमेंटेक इंस्टीट्यूट, अध्यात्मिक नगर कुंज, गाजियाबाद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने चौ. राम प्रकाश गुप्ता के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। स्व. गुप्ता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल रहते समय राम प्रकाश गुप्ता ने हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा। वह जनता से जुड़े व्यक्ति थे। मधुर स्वभाव के कारण वह आज भी काफी लोकप्रिय हैं। पीडि़तों को समय से न्याय दिलाने के लिए वह हमेशा प्रयासरत रहते थे। राम प्रकाश गुप्ता के मुख्यमंत्रित्व काल में उत्तर प्रदेश में विकास की गति को बढ़ावा मिला था। इसके अलावा समाज में शांति कायम रही।
श्रद्धांजलि सभा में राज्य सभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिरोही, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजपाल सिंह तेवतिया, आर.जी. कॉलेज मेरठ की प्राचार्या प्रोफेसर निवेदिता मलिक, प्रोफेसर जय कुमार सरोहा प्राचार्य जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत, प्रोफेसर अरुण कुमार प्राचार्य ए.एस. कॉलेज मवाना, डॉ. कुलदीप सिंह तोमर प्राचार्य त्रिदेव कॉलेज मुजफ्फरनगर, आशीष चौधरी ब्लॉक प्रमुख भोजपुर, स्व. राम प्रकाश गुप्ता की पुत्री डॉ. लतिका, दामाद पंकज, डॉ. नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों ने उनके उत्कृष्ट कार्यों को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।















