– भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा को बदमाशों ने गोलियों से भूना
– जदयू महासचिव केसी त्यागी ने भाजपा सरकार को जमकर कोसा, कहा कानून व्यवस्था चौपट
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। भाजपा विधायक के रिश्तेदार की हत्या के बाद जदयू के बड़े नेता आग बबूला हो गये हैं। जदयू नेता ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। बिहार चुनाव में भाजपा और जदयू में गठबंधन है। इसके बाबजूद जदयू नेता ने भाजपा सरकार की हिंदूवादी नीति को लेकर हमला किया है। जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी जी सिर्फ राम राम कहने से काम नहीं चलेगा। इस समय प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि रोज-रोज पुलिस अफसरों के तबादले किए जाने से यह कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। मुख्यमंत्री अपराध रोकने में असफल साबित हुए हैं।
विधायक अजीत पाल के मामा को मारी गोली
शुक्रवार को दिन निकलते ही सुबह करीब साढ़े पांच बजे सिहानी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहियानगर में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी के साले एवं मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अजितपाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी (60) की स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पार्क में टहलने के बाद घर जाते हुए उनकी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।
भाजपा विधायक के मामा नरेश त्यागी की हत्या करने वाले हत्यारों का सीसीटीवी फुटेज में चेहरे सामने आ गए है। दोनों बदमाश तब तक गोलियां मारते रहे जब तक उन्होंने दम नहीं तोड़ दिया। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि बदमाशों ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से हत्या को अंजाम दिया। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और लेनदेन समेत कई एंगल पर पुलिस जांच कर रही हैं। मामला हाईप्रोफाइल होने के चलते नरेश त्यागी की हत्या सूचना मिलने के बाद मेरठ जोन के आईजी प्रवीण कुमार,जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी अभिषेक वर्मा,एसपी देहात नीरज कुमार जादौन,सीओ सेकेंड अवनीश कुमार,सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने परिजनों से बातचीत की।
गाजियाबाद में भाजपा विधायक के मामा को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला
सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंचे विधायक
नरेश त्यागी की पत्नी और बेटों ने भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी को सूचना दी। वह तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नरेश त्यागी को यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि नरेश त्यागी के हत्यारोपी दोनों बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की पांच टीम गठित कर दी गई है।
हत्याकांड में कई बिंदुओं को लेकर जांच की जा रही हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। बताया कि बदमाशों की सीसीटीवी में फुटेज कैद हो गई है।फुटेज की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिस तरह से बदमाशों ने हत्या को अंजाम दिया। लगता है कि बदमाश नरेश त्यागी को जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे। इसलिए बदमाशों ने सात-आठ गोलियां उन्हें मारी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे आईजी प्रवीण कुमार
आईजी प्रवीण कुमार ने लोहियानगर में घटना स्थल का मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। इस घटना से इलाके के लोग दहशत में हैं। बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आए थे और पहले उन्होंने कुछ देर नरेश त्यागी से रुककर बातचीत की। इसके बाद स्कूटी चलाते हुए वह थोड़ा आगे बढ़े और उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। गोली लगने पर नरेश ने भागना शुरू किया लेकिन फिर वह घायल होने के कारण गिर गए। इसके बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह मर गए हैं। एक बदमाश उनके पास आया और उनके सिर में दो गोलियां मारीं और आरोपी आराम से वहां से फरार हो गए। बदमाशों ने उन्हें करीब सात-आठ गोलियां मारीं।
पांच-छह गोलियां तो बदमाशों ने उनकी छाती और कमर पर मारी। वह करीब 50-70 मीटर भागे और गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रैकी के बाद की हत्या की गई। हालांकि परिवार और पुलिस दोनों ही किसी तरह की रंजिश की बात से इनकार कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी पर शक नहीं है।
ठेकेदारी करते थे विधायक के मामा
नरेश त्यागी मूल रूप से मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव सारा के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक नरेश त्यागी सरकारी ठेकेदार थे। वह पीडब्ल्यूडी और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग आदि में ठेकेदारी करते थे। नरेश त्यागी के दो बेटे शेखर और अश्वनी त्यागी भी नगर निगम में ठेकेदारी करते हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर नरेश त्यागी की हत्या की है। घटना के अनावरण के लिए 5 टीमें गठित कर दी गयी हैं। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि नरेश त्यागी के बेटे अभिषेक त्यागी ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुटी है। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।
मार्निंग वॉक पर अकेले का फायदा उठाकर की हत्या
प्रदेश के पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी के साले एवं वर्तमान में मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की तड़के मॉर्निंग वॉक पर अकेले होने के चलते स्कूटी सवार दो बदमाशों ने हत्या को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं,हत्याकांड से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हिंडन तट पर हुआ अंतिम संस्कार
शुक्रवार दोपहर को हिंडन नदी शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। नरेश त्यागी के बड़े बेटे शेखर त्यागी ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। लोहिया नगर सी ब्लॉक के मकान संख्या-351 में 60 वर्षीय नरेश त्यागी परिवार के साथ रहते थे। नरेश त्यागी पिछले कई साल से ठेकेदारी करते थे। नरेश त्यागी शुक्रवार की सुबह को मॉर्निंग वॉक पर अकेले ही निकले थे। जबकि अक्सर अन्य के साथ जाते थे। इनके मकान से थोड़ी दूर लोहियानगर में पार्क है। पार्क से निकलकर जैसे ही घर जा रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उन्हें पार्क के गेट पर घेर लिया और गोलियां मार दी। गोलियां लगने से जहां नरेश त्यागी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए, वहीं हमलावर फरार हो गए।















