दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट से की 10 लाख की लूट

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरापुरम के नीतिखंड-1 हैबिटेट सेंटर के पास बाइक सवार दो बदमाश हथियारों के बल पर दिनदहाड़े कलेक्शन एजेंट से 10 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर एसएसपी मुनिराज जी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं,एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, इंदिरापुरम सीओ अभय मिश्र एवं इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बदमाशों की तलाश के लिए छानबीन की। मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। एसएसपी ने बताया कि लूट का खुलासा करने और बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच और इंदिरापुरम थाना पुलिस समेत पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है।

एसएसपी घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि डॉयल-112 नंबर पर पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली थी। सूचना पर तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। लूट के मामले की गहनता से पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही लूट का पर्दाफाश कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस बदमाशों की सुरागकशी में लगी है। राइटर एंड सेफ गार्ड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का एजेंट सोमवार दोपहर में कलेक्शन कर 10 लाख रुपए लेकर कंपनी की वैन में जमा कराने के लिए कंपनी जा रहा था। जबकि वीर बहादुर सिंह बाइक पर सवार था। वह जैसे ही नीतिखंड-1 हैबिटेट सेंटर के पास पहुंचा, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए। बदमाशों ने पीछे से वीर बहादुर सिंह को डंडा मारा। जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे पहले वह कुछ समझ पाता। बदमाश हथियारों के बल पर उससे 10 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इंदिरापुरम थाने में लूट की अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए लगी हुई है।