नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में शराब तस्करों के खिलाफ जोरों पर मुहिम चल रही है। इसके चलते शराब तस्करों के हौंसले पस्त होते दिखाई दे रहे हैं। आबकारी विभाग की सख्ती से नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में शराब तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त होने लगा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने मंगलवार को प्रवर्तन अभियान चलाकर 2 तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। एक वाहन भी जब्त किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के विरूद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह का कहना है कि खासकर दिल्ली से अवैश शराब लाने वालों पर नजर रखकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। तस्करों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध शराब को जब्त करने के साथ-साथ तस्करों को जेल भेजकर पुलिस में अभियोग भी दर्ज कराया जा रहा है। ताबड़-तोड़ कार्रवाई होने से शराब तस्करों में खलबली मची हुई है। तस्कर अब अपने इरादों को बदलने पर मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द, रवि जायसवाल की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान कोंडली चेक पॉइंट पर मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से 10 बोतल इम्पीरियल ब्लू की बोतल के साथ संजय कुमार पुत्र सोरन सिंह व सतेंद्र कुमार पुत्र सुलेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया। उन्होंने बताया अवैध शराब को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जो कि लगतार जारी रहेगा।
















