भाजपा की महिला नेत्री की धुर विरोधी आम आदमी पार्टी में दिलचस्पी

गाजियाबाद। भाजपा नेत्री एवं अधिवक्ता सिद्धि प्रधान आजकल भाजपा से ज्यादा आम आदमी पार्टी (आप) में दिलचस्पी दिखा रही हैं। उन्हें भाजपा से ज्यादा आप के कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रमों में देखा जा सकता है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच छत्तीस का आंकड़ा है। खासकर दिल्ली में दोनों पार्टियों के बीच अक्सर वैचारिक मतभेद खुलकर सामने आते हैं, मगर दिल्ली से सटे गाजियाबाद में उलटी गंगा बहती दिखाई दे रही है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय मंत्री एवं अधिवक्ता सिद्धि प्रधान अग्रवाल ने हाल ही में अपने जन-सुनवाई कार्यालय पर आप प्रवक्ता एवं अधिवक्ता मनोज त्यागी का जन्मदिन सेलिब्रेट किया। जन्मदिन कार्यक्रम से संबंधित फोटो भी उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किए हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा की बजाए आप कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया था। आप प्रवक्ता का महिमामंडन करने में उन्होंने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है।

दरअसल सिद्धि प्रधान को जिम्मेदारी तो पउप्र में भाजपा महिला मोर्चा को मजबूत करने और संगठन से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की मिली है, मगर वह भाजपा की धुर विरोधी पार्टी आप के साथ मेल-जोल बढ़ाने में अपना समय और ऊर्जा खर्च कर रही हैं। इसे लेकर भाजपा में भी चर्चाओं का बाजार गरम है। यह पहली बार नहीं है जब सिद्धि प्रधान आप के किसी नेता और कार्यकर्ता के साथ दिखाई दी हैं बल्कि वह पहले भी आप की स्थानीय टीम के साथ कार्यक्रमों में देखी गई हैं।