गाजियाबाद। दिल्ली की सस्ती शराब तस्करी का कारोबार रुकने का नाम नही ले रहा है। जबकि आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है और चेतावनी भी दी जा रही है कि सस्ते के चक्कर में न पड़े। सस्ती शराब जेल की हवा खिला सकती है और जीवन भी बर्बाद कर सकती है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई से परे कुछ लोग अभी भी दिल्ली से शराब लेकर आ रहे है। मगर उन्हें शराब पीने को नसीब नही हो रही। क्योंकि दिल्ली की शराब के साथ गाजियाबाद में आते ही आबकारी विभाग की टीम उन्हें तत्काल पकड़ रही है।

पूर्व की बात करें तो पहले की अपेक्षा दिल्ली से शराब लाने वालों की संख्या कम हो गई है। लेकिन पूर्ण रुप से दिल्ली शराब की तस्करी पर रोक नही लग पाई है। आबकारी विभाग की टीम दिल्ली बोर्डर, हाईवे, चेक पोस्ट एवं दिल्ली से सटे संबधित क्षेत्रों में लगातार चेकिंग कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. के निर्देशन में अवैध मद्य निष्कर्षण एवं अवैध मदिरा की तस्करी/परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात तक आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, आशीष पाण्डेय, राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, त्रिभुवन सिंह हंयाकी की टीम द्वारा दिल्ली बॉर्डर, खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, लोनी-बागपत रोड़ एवं ईडीएम मॉल के पास चेकिंग की गई।

दिल्ली बागपत रोड पर थाना लोनी बॉर्डर अंतर्गत रोड चेकिंग के दौरान अब्दुल कादिर पुत्र मोहम्मद फरमूद तथा मोहम्मद फिरोज पुत्र मोहम्मद नईम को टीवीएस जूपिटर स्कूटी पर परिवहन करते हुए 12 बोतल किंगफिशर स्ट्रांग बियर दिल्ली मार्का के साथ गिरफ्तार किया गया। लोनी बॉर्डर अंतर्गत रोड चेकिंग के दौरान ही दो आरोपी दिलशाद पुत्र साहिर व जान मोहम्मद पुत्र नूरुद्दीन को हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक पर परिवहन करते हुए 8 बोतल किंगफिशर स्ट्रांग बियर दिल्ली मार्का और आरिफ खान पुत्र सलीम खान के कब्जे से किंगफिशर ब्रांड की 10 बोतल बियर दिल्ली मार्का के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में दूसरी टीम द्वारा तीन अभियुक्तों को अवैध शराब की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। अवैध शराब के कारोबार को लेकर कार्यवाही निरंतर स्तर पर जारी रहेगी।















