-दिल्ली की अवैध शराब समेत 5 तस्कर गिरफ्तार, दो वाहन सीज
गाजियाबाद। दिल्ली से गाजियाबाद में शराब तस्करी एक बार फिर बढ़ गई है। दिल्ली से अवैध तरीके से शराब को गाजियाबाद में लाया जाने लगा है। दिल्ली में आबकारी नीति में परिवर्तन होने के बाद कुछ दिन तक शराब तस्करों ने दिल्ली का रूख करना छोड़ दिया था, मगर तस्कर फिर पुराने रास्ते पर लौट आए हैं। वाहनों के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। ऐसे में आबकारी विभाग को ज्यादा सतर्क होना पड़ा है। तस्करों को सबक सिखाने के लिए विभाग निरंतर कार्रवाई कर रहा है। दिल्ली से सटे यूपी बॉर्डर पर निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली सरकार ने नई आबकारी नीति को वापस ले लिया है। एक अगस्त से राजधानी में पुरानी नीति को लागू कर दिया गया है। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद दिल्ली में शराब के दामों में काफी कमी आई थी। इसके अलावा मुफ्त की शराब का ऑफर भी चल पड़ा था। इसके मद्देनजर शराब तस्करों ने दिल्ली की शराब को गाजियाबाद लाकर बेचना शुरू कर दिया था।

आबकारी विभाग ने तस्करों के खिलाफ निरंतर कार्यवाही की। बड़ी संख्या में तस्करों को दिल्ली की शराब के साथ दबोच कर जेल भेजा गया था। इसके बाद शराब तस्करी का ग्राफ एकाएक नीचे आ गया था। इस बीच दिल्ली से पुन: अवैध शराब को लाने का सिलसिला तेज हो गया है। आबकारी विभाग द्वारा प्रतिदिन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उधर, आबकारी विभाग ने 5 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 25.8 बल्क लीटर शराब बरामद की गई है। 2 वाहन भी सीज किए गए हैं।

जनपद में अवैध मद्य निष्कर्षण एवं अवैध मदिरा की तस्करी एवं परिवहन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, आशीष पाण्डेय, राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, त्रिभुवन सिंह हयांकी की टीमों द्वारा दिल्ली बॉर्डर, खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, लोनी-बागपत रोड एवं ईडीएम मॉल व डासना टोल प्लाजा पर देर रात्रि तक चेकिंग की गई। आबकारी विभाग की टीम ने दिल्ली बॉर्डर खोड़ा से दिनेश सिंह पुत्र रूप सिंह एवं राकेश सिंह पुत्र रूप सिंह को बाइक पर परिवहन करते 12 बोतल रॉयल स्टैग प्रत्येक 750 एमएल फॉर सेल इन दिल्ली के साथ गिरफ्तार किया है।
इसी क्रम में लोनी में बलराम नगर कट के पास से दानिश पुत्र इस्लाम निवासी रूपनगर पानी की टंकी के पास के कब्जे से रॉयल ग्रीन ब्रांड विदेशी मदिरा की 12 बोतल बरामद की गई, जो दिल्ली में विक्रय के लिए अनुमन्य हैं। उधर, डासना टोल प्लाजा के पास कीर्ति पुत्र देवेंद्र एवं टिंकू पुत्र कृष्ण को बाइक पर 12 बोतल हेवर्ड 5000 बीयर सभी दिल्ली में बिक्री के लिए अनुमन्य का परिवहन करते पकड़ा गया। उन्होंने बताया गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया। साथ ही बरामद वाहन को सीज कर दिया गया है। शराब तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।















