गढ़ क्षेत्र मे नहीं रुक रहा कूडे जलाने का सिलसिला

राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे जलाए गए कूड़े के धुंए से राहगीर हुए परेशान

वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी उठानी पड़ी परेशानी

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
नगर में हाइवें किनारे कूड़ा कचरा एकत्र कर उसे आग लगाई जा रही है। एक तरफ तो प्रदेश सरकार पर्यावरण को साफ व स्वच्छ रखने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों को जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग कूड़ा कचरा उठाने की बजाय उसे सड़क किनारे एकत्र कर उसमें आग लगाकर पर्यावरण को दूषित कर रहे हैं। कुछ ऐसा ही मंजर नगर के मुरादाबाद-दिल्ली मार्ग स्थित हाइवें के पास भी नजर आया। दोपहर करीब एक बजे मुरादाबाद की ओर जाने वाली सड़क किनारे कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। यहां पर हर दिन यही हालात देखने को मिलते हैं। कचरे में लगी आग के कारण उठते धुएं से पैदल आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि दिल्ली की ओर जा रहे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में लोग स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ लोग कूड़े को सड़क के किनारे नीचे की ओर फेंक देते हैं और जब वहां ढेर बन जाता है तो उसमें आग लगा दी जाती है। राजकुमार, दीपक, कृष्ण कुमार ने बताया कि मुरादाबाद मार्ग ओर जाने वाली सड़क के नीचे की तरफ कूड़े में आग लगाई गई थी, जिसके कारण काफी देर तक धुआं उठता रहा। कचरे में लगी आग से उठता धुआं यहां से गुजरने वाले लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत आती है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी विजय वर्धन तोमर ने बताया कि कूड़ा और फसलों के अवशेषों को जलाए जाने पर पूर्ण रूप से रोक लगाई हुई है। आदेश न मानने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।