संभावित बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें अधिकारी: चैत्रा वी

बाढ़, अतिवृष्टि की आपदा से निपटने के लिए बचाव व राहत कार्यो की अपर आयुक्त मेरठ मंडल ने की समीक्षा बैठक

गाजियाबाद। बाढ़, अतिवृष्टि की आपदा से निपटने के लिए बचाव व राहत कार्यो की गुरुवार को अपर आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ चैत्रा वी ने कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
अपर आयुक्त ने बताया बाढ़, अतिवृष्टि की आपदा से निपटने के लिए बचाव व राहत कार्यो के लिए शासन प्रशासन गम्भीरता से प्रतिबद्ध है। अपर आयुक्त ने जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए कराये जा रहें कार्यो की सम्बंधित विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की मंशानुसार संभावित बाढ़ प्रभावित लोगों की हर सम्भव मदद की जाए। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आपदा से निबटने के लिए कार्य योजना तैयार करने और राहत बचाव कार्यो की तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा की स्थिति से बचाव के लिए कंट्रोल रूम बनाए जाने, प्रभावित गांव व व्यक्तियों को खाना वितरित करने आदि की योजना बनाकर रखने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में बचाव व राहत कार्य के हर एक आयामों, बिन्दुओं पर जिला आपदा प्रबन्धन समिति के द्वारा प्रभावी तौर पर स्थलीय निगरानी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि बाढ़, अतिवृष्टि से बचाव के लिए जनपद में ”जिला बाढ़ कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद मुख्यालय कन्ट्रोल रूम का फोन नम्बर- 9871465532, कंट्रोल रूम तहसील सदर फोन नंबर- 0120-2713909, कंट्रोल रूम तहसील मोदीनगर फोन नंबर- 9958856330 एवं कंट्रोल रूम तहसील लोनी फोन नंबर-8171533478 है। इसी प्रकार ब्लॉक स्तरीय एवं ग्राम स्तरीय समिति की बैठक भी सभी विकास खण्डो व सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की जाती हैं।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने अपर आयुक्त ने बताया जनपद की तहसील गाजियाबाद में 1, तहसील मोदीनगर में 2 एवं तहसील लोनी में 4 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। साथ ही तहसील गाजियाबाद में 1, तहसील मोदीनगर में 2 एवं तहसील लोनी में 2 राहत कैंप के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। बाढ़ से आपदा की स्थिति में बाढ़ राहत कैंप में शरणार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय आदि की उचित व्यवस्था के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्व में ही निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों एवं नाविकों की उपलब्धता के लिए समस्त उप जिलाधिकारियों द्वारा प्रबंध कर लिया गया है तथा अधिक बाढ़ की स्थिति में एनडीआरएफ से भी समन्वय स्थापित किया जाता है। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर विनय सिंह, उप जिलाधिकारी मोदीनगर शुभांगी शुक्ला, समस्त तहसीलदार, सिंचाई विभाग, जीडीए, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी गण उपस्थित रहे।