शहर के साथ 8 नगर पालिका-नगर पंचायत क्षेत्र के कुत्तों की होगी नसबंदी

गाजियाबाद। नगर निगम अपनी सीमा क्षेत्र के अलावा अब जिले की 8 नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्र के लावारिश कुत्तों की नसबंदी भी कराएगा।
प्रदेश शासन ने इसके लिए एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी) बनाने के लिए मंजूरी दे दी है। नगर निगम विजयनगर जोन क्षेत्र में कुत्तों के बध्यिाकरण के लिए नया एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निर्माण कराएगा। इस पर करीब पांच करोड़ रुपए खर्च होंगे। वर्ष-2023 में नए एबीसी सेंटर का निर्माण कार्य शुरू होगा। नगर निगम द्वारा शहर के अलावा नगर पालिका परिषद मोदीनगर,नगर पालिका परिषद मुरादनगर,नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर, नगर पालिका परिषद लोनी, नगर पंचायत डासना, नगर पंचायत निवाड़ी, नगर पंचायत पतला और नगर पंचायत फरीदनगर क्षेत्र के लावारिश कुत्तों की इस एबीसी सेंटर में नसबंदी कराएगा।

नगर निगम को उम्मीद है कि जनपद में डेढ़ से दो लाख कुत्ते लावारिश हैं। एक लाख की आबादी पर तीन हजार कुत्तों का अनुमान है। जनपद की करीब 37 लाख आबादी है। मानक के हिसाब से कुत्तें ज्यादा हैं।नगर निगम के उप पशु चिकित्साधिकारी एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश शासन ने नगर निगम को शहर के अलावा निकायों के लावारिश कुत्तों की नसबंदी कराने के आदेश दिए है।विजयनगर में नया एबीसी सेंटर का निर्माण होने के बाद निकायों के कुत्तों की नसबंदी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर के अलावा देहात क्षेत्र में लावारिश कुत्तों की दहशत बढ़ती जा रही है।लोगों को कुत्तों के काटने पर घायल करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।सरकारी अस्पताल में रोजाना 600 लोग एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंचते हैं। इनमें से ज्यादातर कुत्तों के काटने के मामले होते है। इस तरह लावारिश कुत्तें खूंखार हो रहे है।शहर में कुत्तों पर नियंत्रण करने के लिए जहां इनकी नसबंदी कराई जा रही है।

वहीं,सभी 8 निकाय क्षेत्र के कुत्तों की नसबंदी नहीं हो रही है। जनपद में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के पास कुत्तों की नसबंदी कराने के लिए फिलहाल एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर नहीं है। ऐसे में कस्बों में लावारिश कुत्तों की संख्या बढ़ रही है।प्रदेश शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सेंटर खोलने के निर्देश दिए है। प्रदेश शासन ने नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ को पत्र लिखकर कहा कि शहरी क्षेत्र के साथ नगर निकायों के लावारिश कुत्तों की नसबंदी भी नगर निगम द्वारा करवाई जाए। वहीं,प्रदेश शासन ने नया एनीमल बर्थ सेंटर का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नगर निगम द्वारा शासन को पूर्व में यह प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। विजयनगर क्षेत्र में नया एबीसी सेंटर बनाया जाएगा। इस पर करीब 5 करोड़ रुपए खर्च होगा। इसमें रोजाना लगभग 250 कुत्तों की नसबंदी कराई जा सकेगी।