-सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश आज भी प्रेरणास्रोत: डॉ. मनोज गोयल
-क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने स्वयं संभाली सेवा की जिम्मेदारी, राहगीरों को बांटा शरबत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सिखों के पंचम गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुवार को कौशांबी स्थित राधे कृष्णा लाइन में श्रद्धा, सेवा और मानवता का अनूठा संगम देखने को मिला। कौशांबी प्लॉट एरिया के तत्वावधान में आयोजित छबील (शीतल शरबत सेवा) एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों को शीतल शरबत एवं प्रसाद वितरित किया गया तथा मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल तथा पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्वयं सेवा कार्य में भाग लेते हुए श्रद्धालुओं और राहगीरों को शरबत एवं प्रसाद वितरित किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और सेवा का वातावरण बना रहा तथा लोगों ने गुरु अर्जन देव जी के जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सत्य, धर्म, सहिष्णुता और मानव सेवा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को और अधिक मजबूत करना चाहिए। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपने महान इतिहास से परिचित कराने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में छबील लगाकर राहगीरों को शीतल जल एवं शरबत पिलाना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे धार्मिक आयोजनों को केवल आस्था तक सीमित न रखें, बल्कि समाज सेवा के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता को भी अपनी जिम्मेदारी समझें। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, तपस्या और सेवा का प्रतीक है। उनके शहीदी दिवस पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सद्भाव, करुणा और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ऐसे आयोजन और अधिक सफल बनते हैं। कौशांबी प्लॉट एरिया के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गोगिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर छबील एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों तक गुरु साहिब के सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश को पहुंचाना तथा भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत प्रदान करना है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लोगों के सहयोग से ही ऐसे आयोजन सफल हो पाते हैं। कार्यक्रम में जयपुरिया एन्क्लेव के महासचिव पवन गुप्ता, पप्पू चौपाल से राकेश जकेतिया, कमल गुप्ता, गौरव वर्मा, समाजसेवी सुनील गांधी, उर्मिला अरोड़ा, अजीत नारंग, मंजू शर्मा, ममता शर्मा, नरेश मिगलानी, ममता चौधरी, रीना मिगलानी, वंदना चावला, शील चावला, सुनीला कालरा, अशोक चावला, रितु बटेजा, नीतू नारंग, डिंपल, सुशील चावला, नेहा चौधरी, रीता चौहान, राजकुमारी शर्मा, आशा भूटानी, कमलेश कालरा, सपना शर्मा, सीमा बत्रा, मंजू यादव, पूनम हजला, गुरुचरण कौर, दीप नारंग, शालिनी सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु अर्जन देव जी के जीवन, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए समाज में सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और सेवा भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जिसने उपस्थित लोगों को गुरु साहिब के आदर्शों का अनुसरण करने की प्रेरणा दी।















