अनिल तोमर
उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़/धौलाना।
जनपद की महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अदिति सिंह के नेतृत्व में रविवार को जनपद की समस्त नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कड़ी में अपर जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी हापुड़ के द्वारा नगर पालिका परिषद हापुड़ के सभागार में मिशन शक्ति अभियान के प्रति महिलाओं को जागरूक किया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है ताकि उन्हें रोजगार शिक्षा आर्थिक तरक्की के बराबरी के अवसर मिल सके जिससे वह सामाजिक स्वतंत्रता और तरक्की प्राप्त कर सके उन्होंने कहा कि यह वह तरीका है। 
जिसके द्वारा महिलाएं भी पुरुषों की तरह अपनी हर आकांक्षाओं को पूरा कर सकें। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाले समस्त वार्डों में महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के प्रति जागरूक करते हुए साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखने हेतु प्रेरित करें। महिला अधिकारों और समानता का अवसर पाने में महिला सशक्तिकरण ही अहम भूमिका निभा सकती है, क्योंकि स्त्री सशक्तिकरण महिलाओं को सिर्फ गुजारे भत्ते के लिए ही तैयार नहीं करती बल्कि उन्हें अपने अंदर नारी चेतना को जगाने और समाजिक अत्याचारों से मुक्ति पाने का माहौल भी तैयार करती है? उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी भारत में महिलाएं पुरुषों की अपेक्षा काफी पीछे हैं। भारत में पुरुषों की शिक्षा दर 81.3 प्रतिशत है जबकि महिलाओं की शिक्षा दर मात्र 60 प्रतिशत ही है। भारत के शहरी क्षेत्रों में महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के अपेक्षा अधिक रोजगारशील है। उप जिलाधिकारी हापुड़ सत्यप्रकाश द्वारा महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय विकास में महिलाओं का महत्व और अधिकार के बारे में समाज में जागरूकता लाने के लिए सरकार द्वारा कई प्रकार के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जिनमें मातृ दिवस, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आदि क्षेत्र हैं। महिलाओं को कई क्षेत्र में विकास की जरूरत है। इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव ने मिशन शक्ति वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसी क्रम में मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाते हुए मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह के द्वारा भी ग्राम उपैड़ा पंचायत घर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए जागरूक किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं बहुत कम शिक्षित हैं उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर समाज की बुराइयों को दूर करना होगा। सरकार द्वारा चलाए गए महत्वपूर्ण मिशन शक्ति अभियान मैं महिलाएं अधिक से अधिक अपनी सहभागिता एं प्रदान करें जिससे हमारे देश में महिलाओं के प्रति हो रहे उत्पीडऩ को दूर किया जा सके। इसी क्रम में नगर पंचायत बाबूगढ़ में भी महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की इस कड़ी में राजकीय कृषि बीज भण्डार व कृषि रक्षा इकाई धौलाना में नारी सशक्तिकरण के अन्तर्गत महिलाओं को कृषि विभाग द्वारा सरसों मिनी किट तथा डीकमपोजर व आधुनिक कृषि से सम्बन्धित सामग्री का वितरण किया गया और आधुनिक कृषि की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान एवं उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याण कारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
















