दुर्गा महोत्सव में छा गए अभिनेता सोनू सूद

प्रवासी मजदूर की थीम पर सजा पूजा पंडाल

कोलकाता। लॉक डाउन में गरीब एवं जरूरतमंदों की दिल से सेवा करने पर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को जनता का खूब प्यार मिल रहा है। अब दुर्गा पूजा पंडाल में सोनू की मूर्ति स्थापित की गई है। इसके जरिए उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा हो रही है। इस पर सूद ने भी रिएक्शन दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि यह मेरा अब तक का सबसे बड़ा अवार्ड है। लॉक डाउन के दरम्यान अभिनेता सोनू सूद मुंबई में गरीब एवं जरूरतमंदों के लिए मसीहा बनकर सामने आए थे। उन्होंने काफी संख्या में नागरिकों को अपने खर्चे पर लग्जरी बसों के जरिए उनके गृह क्षेत्र तक भिजवाया था। इस कार्य के लिए उन्हें देशभर में सराहना मिली थी। वह समय-समय पर जरूरतमंदों की सेवा करते रहते हैं। बदले में जनता भी उनके प्रति आभार जताने से पीछे नहीं हट रही है। इसी क्रम में कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में सोनू सूद की मूर्ति देखने को मिल रही है। दुर्गा पूजा समिति प्रफुल्ला कन्नन वेलफेयर एसोसिएशन ने अपने पंडाल की थीम प्रवासी मजदूर रखा है। पंडाल में सोनू सूद का सम्मान भी किया गया है। वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य सृंजय दत्ता ने कहा कि अभिनेता सोनू सूद की मूर्ति लगवाने का मकसद यह है कि लोग उनसे प्रेरणा ले सकें। साथ सोनू सूद की भांति बाकी नागरिक भी जरूरतमंदों की मदद करने के लिए आगे आएं। सूद ने लॉक डाउन के दौरान जो काम किया, वह अति प्रशंसनीय है। उधर, अभिनेता सोनू सूद ने ट्वीट कर अपनी भावना को जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मेरा अब तक का सबसे बड़ा अवार्ड। उनके के इस ट्वीट पर यूजर्स खूब कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोनू सूद सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। वह फैंस के साथ वार्तालाप कर उन्हें सही मार्ग पर चलने को प्रेरित करते हैं।