कोरोना : 24 घंटे में 55 हजार से ज्यादा नए केस

देशभर में अब तक 1 लाख 16 मरीजों की जान गई

नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की रफ्तार रूक नहीं पाई है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 77 लाख से ज्यादा हो गया है। पिछले 24 घंटे में 55 हजार से अधिक नए केस सामने आए हैं। जबकि 702 मरीजों की मौत हो गई। देशभर में इस समय 7 लाख 15 हजार 812 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा 68 लाख 74 हजार मरीज ठीक हो चुके हैं। भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप और खौफ कायम है। देश में कोरोना संक्रमित केस मार्च माह से सामने आ रहे हैं। कोरोना वैक्सीन अब तक तैयार नहीं हो सकी है। पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना के 55 हजार 838 नए केस प्रकाश में आए है। ऐसे में कोरोना के कुल केस 77 लाख 6 हजार 946 हो गए हैं। 24 घंटे में 702 मरीजों ने दम तोड़ा है। देश में अभी तक 1 लाख 16 हजार मरीजों की मौत कोरोना से हो चुकी है। कुछ राज्यों में कोरोना संक्रमित मरीज अभी भी सामने आ रहे हैं। उधर, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि देश में यदि कोरोना वैक्सीन आ जाए तो 3 करोड़ नागरिकों को तत्काल टीका लग जाएगा। सरकार ने इसके लिए प्रबंध कर रखे हैं। पहले चरण में 70.80 लाख डॉक्टर और करीब 2 करोड़ स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जानी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन का कहना है कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक निकट भविष्य में नाक के ज़रिए कोरोना वैक्सीन देने का आखिरी ट्रायल शुरू करेंगे। अब तक नाक के जरिए वैक्सीन देने का कोई ट्रायल नहीं चल रहा था। बता दें कि कोरोना वायरस के कारण भारत को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। लॉक डाउन के चलते बड़ी संख्या में नौकरियां चले जाने के अलावा अर्थव्यवस्था को जोर का झटका लगा है। अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। कोरोना वैक्सीन का भी बेसब्री से इंतजार हो रहा है।