-कॉलोनियों में पानी घुसने से 1500 परिवारों में दहशत
गाजियाबाद। हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने और करहेड़ा और अटौर नंगला में पानी घुस जाने के बाद जहां 1500 से ज्यादा परिवारों में दहशत व्याप्त है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर अब बाढ़ शिविर लगाए गए है। शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह बाढ़ राहत शिविर,कंपोजिट स्कूल, करहेड़ा आदि में पहुंचे। उन्होंने वहां पर बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना। वीके सिंह ने बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। सरकार द्वारा राहत उपायों को सुनिश्चित करने के लिए इस बाढ़ राहत शिविर का दौरा किया गया।
इस अवसर पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम,वन विभाग आदि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। राहत बाढ़ शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपयुक्त मेडिकल सुविधाएं,साफ-सफाई,खाद्य प्रबंधन व पीडि़तों के आराम सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।बाढ़ प्रभावित लोगों ने सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया जताई। बाढ़ प्रभावित लोगों ने कहा कि शासन प्रशासन द्वारा उन्हे मूलभूत एवं आवश्यक सभी सुविधाऐं प्रदान की जा रही है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाढ़ पीडि़तों को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना ना करना पड़े। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बाढ़ पीडि़तों को आवश्यक राहत सामग्री प्रदान करने में किसी भी प्रकार की कोई चूक न हो। बाढ़ पीडि़तों के बाढ़ से हुए नुकसान के जायजा लेकर उसका आंकलन किया जाए। ताकि उन्हे जल्द से जल्द राहत राशि प्रदान की जा सकें। इस दौरान सीडीओ, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
















