पाकिस्तान को जबाव, 18 दहशतगर्द आतंकी घोषित

भारत सरकार ने जारी की आतंकवादियों की सूची

नई दिल्ली। भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रूख दिखाया है। पाकिस्तान में दुबके बैठे 18 अपराधियों को आतंकवादी घोषित कर दिया गया है। इनमें हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर सैयद सलाहुद्दीन, इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) का संस्थापक रियाज और इकबाल भटकल के अलावा छोटा शकील भी शामिल है। सभी आतंकी लंबे समय से पाक की शह पर दहशतगर्दी को अंजाम दे रहे हैं। संसद द्वारा पिछले साल संशोधित आतंकवाद रोधी कानून पारित किया गया था। इसके तहत 18 और अपराधियों को आतंकवादी घोषित किया गया है। अगस्त 2019 में केंद्र सरकार ने किसी कुख्यात अपराधी को आतंकी घोषित करने के लिए यूएपीए कानून में संशोधन किया था। इस संशोधन से पहले सिर्फ किसी संगठन को आतंकी संगठन के रूप में घोषित किया जा सकता था। वर्ष-1999 में भारतीय एयरलाइंस के विमान हाइजैक कांड में लिप्त अब्दुल रऊफ असगर, इब्राहिम अतहर और यूसुफ अजहर को भी आतंकी लिस्ट में डाला गया है। इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक रियाज इस्माइल शाहबंदरी उर्फ रियाज भटकल, उसके भाई इकबाल उर्फ इकबाल भटकल को भी आतंकी घोषित किया गया है। ये दोनों आतंकी कई आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त थे। इसके अलावा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी शेख शकील उर्फ छोटा शकील, मौहम्मद अनीस शेख, इब्राहिम मेमन उर्फ टाइगर मेमन और जावेद चिकना को भी आतंकी सूची में शामिल किया गया है। यह कदम उठाकर भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दे दिया है। आतंकवाद के समर्थक पाक के खिलाफ काफी समय से भारत ने गंभीर रूख अख्तियार कर रखा है। आतंकी प्रेम के चक्कर में पाक को दुनियाभर में बदनामी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद वह सुधरने को राजी नहीं है। केंद्र सरकार ने 18 आतंकवादियों की सूची ऐसे समय में जारी की है, जब भारत में टू प्लस टू वार्ता के सिलसिले में अमेरिकी विदेश और रक्षा मंत्री आए हुए हैं। आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका का रूख भी हमेशा कड़ा रहा है।