शीर्ष वार्ता : और नजदीक आए भारत-अमेरिका

दोनों देशों के बीच 5 महत्वपूर्ण समझौते हुए

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच आज 5 महत्वपूर्ण समझौते हो गए। टू प्लस टू वार्ता के दरम्यान इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें बुनियादी विनिमय और सहयोग, पृथ्वी विज्ञान पर तकनीकी सहयोग, परमाणु सहयोग पर व्यवस्था का विस्तार, डाक सेवाओं के अलावा आयुर्वेद और कैंसर अनुसंधान में सहयोग पर समझौता शामिल है। भारत-अमेरिका के मध्य यह तीसरी शीर्ष स्तरीय वार्ता चल रही है। द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों के नेताओं ने पत्रकार वार्ता कर संयुक्त बयान जारी किया। भारत और यूनाइटेड स्टेट्स ने बुनियादी विनिमय और सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किया। रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव जीवेश नंदन ने भारत की तरफ से समझौते पर हस्ताक्षर किए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि समझौता होने से सूचना साझाकरण में नए मार्ग खुलेंगे। उन्होंने कहा कि यूएस के साथ आगे के मुद्दो पर चर्चा करने को भारत उत्सुक है। भारत और अमेरिका के मध्य बेका समझौता होने से चीन और पाकिस्तान की मुश्किलें बढऩा तय हैं। इस समझौते से अमेरिकी सैटेलाइट द्वारा जुटाई गई सूचनाएं भारत के साथ साझा की जा सकेंगी। इसके अलावा अमेरिका के संवेदनशील संचार डाटा तक भारत की पहुंच हो सकेगी। इससे भारतीय मिसाइलों की क्षमता सटीक और बेहद कारगर होगी। यह समझौता भारत-अमेरिका को सशस्त्र बलों के मध्य विस्तारित भू-स्थानिक जानकारी साझा करने की अनुमति देगा। दिल्ली में मंगलवार से शुरू टू प्लस टू वार्ता में भारत और अमेरिका के विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री भाग ले रहे हैं। चीन के साथ भारत के जारी तनाव के दौरान यह वार्ता बेहद महत्वपूर्ण है। अमेरिका ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि वह भारत के साथ अपनी दोस्ती को और मजबूत करेगा। भारत को संकट के समय अमेरिका की तरफ से हरसंभव सहयोग मिलता रहेगा।