केंद्र सरकार की उपलब्धि गिनाईं
संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दिलाया
उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। भाजपा के मंडल प्रशिक्षण शिविर में केंद्र सरकार की उपलब्धि गिनाकर संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दिलाया गया। भाजपा के केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग मंडल के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मंगलवार को गढ़ में स्याना रोड स्थित पार्टी नेता अजय दादू के फार्म हाउस में हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाग ले रहे पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महेश अग्रवाल ने जनसंघ से लेकर भाजपा का गठन होने के बाद से अब तक के सफर में हुए संघर्ष का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने पर संसद में पहली बार भारत माता की जय का नारा गूंजा था, जबकि गरीबों के उत्थान के लिए अनेकों कल्याणकारी योजना चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनने पर देशहित से जुड़े तीन बड़े घटनाक्रम हो चुके हैं, जिनमें जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35 ए को निष्प्रभावी बनाने के साथ ही राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण प्रारंभ कराना और तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त कर मुस्लिम बहन बेटियों के उत्पीडऩ को रोका गया है। मंडल प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अंकुर त्यागी और संचालन मंडल महामंत्री दीपक शर्मा ने किया। महामंत्री गोपाल ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष मोहित गुप्ता, अंकित गोयल, जितेंद्र, डॉ.हरेंद्र समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















