नंदग्राम क्षेत्र में जलभराव की समस्या का होगा निस्तारण

जन चौपाल में आई समस्याओं के निस्तारण का म्युनिसिपल कमिश्नर ने दिया आदेश 

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में आयोजित जन चौपाल में मंगलवार को अजीब नजारा देखने को मिला। मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की जन-समस्याएं सुनने के लिए आयोजित की गई जन चौपाल में फरियादियों की उमड़ी भीड़़ को देखकर म्युनिसिपल कमिश्नर भी चौंक गए।

नगर निगम के सिटी जोन अंतर्गत नंदग्राम में मंगलवार को म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने जन चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनीं। नंदग्राम स्थित एचआईजी फ्लैट बी ब्लॉक स्थित हैप्पी पार्क में वार्ड नंबर-6,  वार्ड-11,  वार्ड-31 और वार्ड- 32, वार्ड- 49 एवं वार्ड नंबर- 50 क्षेत्र के पार्षद दीपक त्यागी, रूबी त्यागी, पार्षद कृष्णा त्यागी, पार्षद संजीव त्यागी, पार्षद माया देवी, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों आदि की मौजूदगी में जन समस्याएं सुनीं। म्युनिसिपल कमिश्नर के समक्ष नंदग्राम में जलभराव की समस्या रखी। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, जलकल महाप्रबंधक बृजेश कुमार सिंह आदि की मौजूदगी में समस्याएं सुनने के बाद इनका जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को आदेश दिए। नंदग्राम में जलभराव की समस्या का जल्द निस्तारण करने और योजनाबद्ध तरीके से कार्य जल्द शुरू करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।