चिराग बोले, नीतीश बाबू आप हैं जनरल डायर

मुंगेर की घटना पर लोजपा प्रमुख का हमला

पटना। मुंगेर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दरम्यान पुलिस लाठीचार्ज और गोलीबारी की घटना पर सियासत गरमा गई है। विधान सभा चुनाव की सरगर्मी के बीच विपक्षी दलों ने नीतीश सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे हमले किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख चिराग पासवान ने मुंगेर घटना की तुलना ब्रिटिश काल के जनरल डायर से कर दी है। चिराग ने कहा कि यह घटना जनरल डायर की याद दिलाती है। मुंगेर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने के दौरान भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। ऐसे में गोलीबारी भी हो गई थी। घटनास्थल पर भगदड़ मच गई थी। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चिराग पासवान ने आरोप मढ़ा है कि मुंगेर की घटना लिए प्रशासन दोषी है। प्रशासन ने जान-बूझकर वहां लाठीचार्ज कराया है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनरल डायर की भूमिका में हैं। मुंगेर में नीतीश के रसूखदार सहयोगी की बेटी पुलिस अधिकारी हैं, मगर उन पर कार्रवाई नहीं होगी। चिराग ने कहा की इस घटना की जवाबदेही मुख्यमंत्री की है। इस घटना के लिए मुख्यमंत्री भी दोषी हैं। घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि बिहार के अच्छे भविष्य के लिए युवाओं को नई सरकार का चयन करना चाहिए। उन्होंने लोजपा के अधिकांश उम्मीदवारों की जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह यह बताने को काफी है कि बदलाव के प्रति सभी कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि अगली सरकार भाजपा के नेतृत्व में भाजपा की बन रही है। बता दें कि इसके पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन ने मुंगेर घटना को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला था। बिहार में आज पहले चरण का विधान सभा चुनाव कराया जा रहा है।