नोएडा व हापुड़ में आयकर विभाग ने मारा छापा
नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद मलूक नागर आयकर विभाग के निशाने पर आ गए हैं। आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार को सांसद नागर के नोएडा और हापुड़ में ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। इससे एकाएक हड़कंप मच गया। जांच टीमों ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला है। इस कार्रवाई से सांसद के अलावा उनकी करीबियों की बेचैनी भी बढ़ गई है। मलूक नागर उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर से बसपा सांसद हैं। बसपा में नागरिक की अच्छी पकड़ है। आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार की सुबह नोएडा और हापुड़ में सांसद के दूध प्लांट और आवास पर छापेमारी की। हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला रोड पर दूध प्लांट और आवास पर आयकर विभाग की टीम पहुंची है। जांच में कोई खलल न आए इसके मद्देनजर दूध प्लांट और आवास के बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। इस कार्रवाई से सांसद के परिवार में हड़कंप मचा है। सूत्रों का कहना है कि आईटी की टीमों ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की है। सांसद मलूक नागर के बड़े भाई लक्खी राम नागर बसपा की तत्कालीन सरकार में मंत्री रहे हैं। नोएडा सेक्टर-55 में सांसद मलूक नागर का आवास है। दूध प्लांट और आवास पर जांच के समय किसी को भी भीतर से बाहर और बाहर से अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। आयकर विभाग की टीम के आने की सूचना मिलने पर आस-पास के नागरिकों की भीड़ जरूर एकत्र हो गई। सांसद मलूक नागर लोकसभा में बसपा के उपनेता भी रह चुके हैं। बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती ने सितंबर में उन्हें इस पद हटा दिया था। उनके स्थान पर राम शिरोमणि वर्मा को लोकसभा में बसपा का उप नेता बनाया गया।















