सीसीटीवी कैमरे की जद में जिले में होगा अपराध कम: एसएसपी
गाजियाबाद। जिले को अपराध मुक्त बनाने, अपराधियों पर शिकंजा कसने और अपराध रोकने के लिए अब सीसीटीवी कैमरे की जद में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने अपराध रोकने की कवायद शुरू कर दी है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने ऑपरेशन त्रिनेत्र की यह अच्छी पहल शुरू की है। मगर इससे क्या अपराधों में कमी आएगी। यह देखना बाकी है। पूरे जिले में प्रतिष्ठानों से लेकर कॉलोनियों में अपराधों की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे की जद में लाने की तैयारी है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने आपरेशन त्रिनेत्र से इसकी शुरुआत करते हुए शहर में आंबेडकर रोड स्थित शगुन स्वीट्स समेत विभिन्न मार्केट में जाकर व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक किया। जिले के सभी थाना प्रभारी,चौकी इंचार्ज व बीट इंचार्ज को भी क्षेत्र के सभ्रांत लोगों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी,व्यापारिक संगठन व आमजन से संपर्क स्थापित कर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए जागरूकता लाने के निर्देश दिए। 
इसके लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार को निगरानी के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगे होने से अपराधी अपराध करने से पहले थोड़ा डरते है। क्षेत्र में आरडब्ल्यूए, व्यापारिक संगठन,एजनीओ व अन्य समूह अपने घर और कार्यालय के बाहर कैमरे लगवा रहे हैं,वह इसकी सूचना नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर- 8077049904 पर दे सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहले भी कई वारदातों का पर्दाफाश किया जा चुका हैं। एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुुटेज हमेशा पुलिस के लिए मददगार साबित हुई है। साहिबाबाद सिगरेट फैक्ट्री लूटकांड,अजय पांचाल हत्याकांड,इंदिरापुरम सर्राफा लूटकांड, लोनी में महिला की हत्या समेत दर्जनों वारदात का सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पर्दाफाश किया। सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों को पकडऩे व अहम साक्ष्य के रूप में अदालत में पेश कर अपराधी को कड़ी सजा दिलाने में मदद मिलती है। एसएसपी ने शहरवासियों से एक-एक कैमरा शहर के लिए दान देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सभी लोग अपने घर और कार्यालय परिसर के साथ एक कैमरा मुख्य द्वार पर अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि घर के सामने से गुजरने वाला हर वाहन व व्यक्ति फुटेज में कैद हो सके। क्षेत्र में कहां और कितने कैमरे लगवाए गए हैं, इसकी रोज जानकारी ली जाएगी। वहीं, गुरूवार को शहर में कई थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में प्रतिष्ठानों पर लगाए गए।















