बसपा पार्टी कार्यालय पर लिखे अपशब्द
गाजियाबाद। बहुजन समाज पार्टी के बागी हुए धौलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक असलम चौधरी को बसपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी से बर्खास्त करते हुए बाहर कर दिया। वहीं,राजनगर डिस्ट्रिक सेंटर स्थित बसपा के कार्यालय की दीवार पर विवाद के चलते पश्चिमी यूपी के प्रभारी शमसुदीन राइन, जिला उपाध्यक्ष मुनव्वर के खिलाफ अपशब्द लिख दिए गए। इसकी सूचना मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया। विवाद की स्थिति को भांपते हुए मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। आनन-फानन में बसपा जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार ओके समेत कार्यकर्ता कार्यालय पहुंंचे। उन्होंने दीवार पर पुताई कराकर अपशब्द मिटाकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। बसपा जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार ओके का कहना है कि कुछ लोग पार्टी की बढ़ रही शक्ति से बौखला गए हैं जो कि अपने निजी हितों के लिए इस तरह की गलत हरकत कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी स्तर से इस मामले की जांच की बात कहीं। इसकी रिपोर्ट पार्टी सुप्रीमो को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले भी पार्टी कार्यालय एवं शहर के अन्य इलाकों में लगाए गए पार्टी पदाधिकारियों के होर्डिंग पर कालिख पोतने का काम किया गया। पार्टी कार्यालय की दीवार पर अपशब्द लिखने का घिनौना काम किया गया। ऐसे सभी लोगों की पहचान की जा रही है,उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपशब्द किसने लिखे हैं इसकी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में जानकारी की जा रही है। कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।















