गाजियाबाद। साहिबाबाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे बाद ई रिक्शा हत्या प्रयास मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रोडरेज के चलते ई रिक्शा चालक को गोली मारी थी। एएसपी एवं सीओ साहिबाबाद केशव कुमार ने बताया साहिबाबाद थाना प्रभारी विष्णु कौशिक की टीम एसआई अभिनव कुमार, मोहित कुमार ने स्वाट सर्विलांस एवं सीसीटीवी फुटेज की मदद से नितिन मावी पुत्र महीपाल सिंह, योगेश कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी अफजलपुर टीला मोड को शुक्रवार सुबह डीएलएफ कट के पास से गिरफ्तार किया है। एएसपी ने बताया कि ई-रिक्शा चालक को गोली मारने की घटना के बाद साहिबाबाद थाने में आईपीसी की धारा-307 के तहह मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों का सड़क पर साइड को लेकर विवाद हुआ था। फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
बता दें कि गुरूवार दोपहर करीब 12 बजे वजीराबाद रोड पर सीमापुरी को जाने वाली सड़क पर डीएलएफ टोल प्लाजा कट पर एक कार एक साइकिल सवार से टकरा गया। जिसको लेकर साइकिल चालक और कार चालक के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान कट पर खड़े ई रिक्शा चालकों ने साइकिल सवार की तरफ से कार सवार युवक की पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने मामले को शांत करा दिया। जिसके बाद कार चालक वहां से चला गया। करीब दस मिनट बाद कार चालक अपने तीन अन्य साथियों के साथ स्कॉर्पियो में आया। वह मारपीट करने वालों की जानकारी करने लगा। इस दौरान उसने वहां पर खड़े ई रिक्शा चालक साहिबे आलम उर्फ राजा (30) को पकड़ लिया। कार सवार युवक ने पिस्टल निकालकर ई रिक्शा चालक के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही साहिबे आलम सड़क पर गिर गया। साहिबे आलम उर्फ राजा का सफदरगंज अस्पताल में उपचारी जारी है।
















