आबकारी विभाग ने की अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी

-मुखबिर तंत्र के सहारे तोड़ी जा रही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े माफिया की कमर
-चेकिंग अभियान के जरिये तस्करी पर भी रखी जा रही नजर
-शराब की दुकानों के औचक निरीक्षण विक्रेताओं में मचा हड़कंप

गौतमबुद्ध नगर। जनपद में शराब माफिया पर नकेल कसने के लिए जिला आबकारी विभाग कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहा है। इसी क्रम में अब हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान जोरों पर चलाया जा रहा है। हाईवे पर खुले ढाबों की सघन जांच-पड़ताल की जा रही है। दरअसल ढाबों पर गैर राज्यों की प्रतिबंधित शराब की बिक्री होने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसके हाईवे पर ढाबों पर चेकिंग के साथ-साथ वाहनों को भी रोक कर चेक किया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की गई। इस बीच कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जिले में शराब तस्करों पर शिकंजा कसने को जिला आबकारी विभाग ने कमर कस ली है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि शराब तस्करों से निपटने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिले में अवैध शराब का कारोबार किसी को भी नही करने दिया जाएगा। माफिया पर कार्रवाई करने एवं अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए हाईवे, कॉलोनी में टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान जोरों पर चलाया जा रहा है। हाईवे पर खुले ढाबों की सघन जांच-पड़ताल की जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया शुक्रवार देर रात व शनिवार को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द, आशीष पाण्डेय, रवि जायसवाल, शिखा ठाकुर, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह, नामवर सिंह की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश भी दी गई। अवैध शराब के कारोबार को रोकने के अलावा टीम द्वारा शराब की दुकानों पर भी चेकिंग एवं गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई गई। रेस्टोरेंट, बार व होटल और ढाबों पर बिना लाइसेंस एवं अवैध शराब की बिक्री को लेकर आबकारी विभाग पहले ही सतर्क हैं। टीमें नियमित रूप से रेस्टोरेंट, बार, ढाबे, शराब की दुकान, चेक पोस्ट, बॉर्डर क्षेत्रों में छापेमारी कर रही रही है। शराब की दुकानों की जांच में लगभग सभी शराब की दुकान पर स्टॉक और रजिस्टर के हिसाब से सही पाया गया। निरीक्षकों द्वारा बार कोड से शराब की बोतल की गुणवत्ता चेक की गई। निरीक्षण के समय कोई अनियमितता नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट, बार, ढाबा एवं शराब दुकानों के संचालकों को नियमानुसार बिक्री करने के निर्देश दिए। बैंक्वेट हॉल एंव रेस्टोरेंट के संचालकों को आबकारी विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले ऑकेजनल बार लाइसेंस के बारे में जानकारी भी दी गयी। बिना लाइसेंस शराब परोसने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।

जिला आबकारी अधिकारी ने जनपद के सभी होटल, रेस्टोरेंट, क्लब एवं मैरिज हॉल के महाप्रबंधक व प्रबंधकों को निर्देश दिए कि आबकारी विभाग से ऑकेजनल बार लाइसेंस (एफएल-11) प्राप्त किये बिना किसी भी परिस्थिति में शराब का सेवन न कराया जाये। यदि कोई ऑकेजनल बार लाइसेंस (एफएल-11) प्राप्त किये बिना शराब का सेवन कराते हुए पाया जाता है या अन्य राज्य की मदिरा परोसते हुये पाया जाता है तो सम्बन्धित होटल, रेस्टोरेंट, क्लब एवं मैरिज हॉल के प्रंबधकों एवं आयोजनकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराते हुए प्रशासन से प्राप्त अन्य अनुज्ञा-पत्रों को निरस्त कराया जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब की बिक्री रोकने और वैध शराब की बिक्री सुनिश्चित कर राजस्व बढ़ाने के लिए इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। आबकारी निरीक्षकों को लगातार हाईवे, ढाबा, औद्योगिक क्षेत्र एवं खादर क्षेत्रों में चेकिंग करने के सख्त निर्देश दिए गयेे है। ढाबा संचालकों को किसी भी हालत में अवैध रूप से अवैध शराब की बिक्री न करने की चेतावनी दी गई है। अवैध शराब की बिक्री मिलने पर संबधित ढाबा मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब हो कि आबकारी विभाग ने शराब माफिया को जड़ से खत्म करने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। जिसके तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है, इस कार्रवाई से अब माफिया भी डरे हुए है। क्योंकि आबकारी विभाग ने छोटे तस्कर से लेकर बड़े माफिया के कारोबार को ध्वस्त करते हुए सलाखों की पीछे भेजने की मुहिम चलाई हुई है। जहां शिकायत या सूचना मिलती है टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच जाती है। अभी तक जिले में शराब माफिया के मुखबिर तंत्र मजबूत हुआ करता था। मगर जिले में अब आबकारी विभाग के मुखबिर तंत्र मजबूत होते नजर आ रहे है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले में शराब माफिया के जितने सिंडिकेट थे। उन सभी को आबकारी विभाग निपटा चुका है। ऐसे में अब आबकारी विभाग शराब माफिया पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए मुस्तैदी के साथ तैयारी में जुट गया है।

बैंक्वेट हॉल, मैरिज हॉल, पार्टी लॉन, फार्म हाउस पर तिरछी नजर
अवैध शराब के खिलाफ चलाई गई मुहिम के साथ आबकारी विभाग ने शादी सीजन शुरू होते ही बैंक्वेट हॉल, मैरेज हॉल, पार्टी लॉन, फार्म हाउस के संचालकों पर भी अपनी नजर तेज कर दी है। जहां प्रतिदिन आबकारी निरीक्षकों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र भी अपनी नजर बनाए है। आबकारी विभाग की टीमें जिले में संचालित बैंक्वेट हॉल, मैरिज हॉल, पार्टी लॉन, फार्म हाउस व होटल में होने वाले शादी-विवाह व अन्य पार्टी कार्यक्रम मेें पहुंचकर औचक निरीक्षण कर रही है। बिना लाइसेंस के शराब पार्टी मिलने पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।