नगर निगम की सुविधा लेने के बाद भी जमा नहीं कर रहे हाउस टैक्स

-1500 बकाएदारों पर नगर निगम ने की शिकंजा कसने की तैयारी

गाजियाबाद। शहर में हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने के बाद भी नगर निगम की सुविधाएं ले रहे भवन मालिकों पर अब नगर निगम शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है। गृहकर जमा नहीं होने से लगभग 1500 हाउस टैक्स दाता पर करीब 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का बकाया है। हाउस टैक्स वसूलने के लिए नगर निगम अब सोमवार यानि चार दिसंबर से सभी पांचों जोन क्षेत्र में अभियान चलाएगा। टैक्स जमा नहीं करने वालों के पानी और सीवर के कनेक्शन काटे जाएंगे। दरअसल, नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में 100 वार्डों के अंतर्गत 6 लाख से ज्यादा टैक्सदाता हैं। नगर निगम का वित्तीय वर्ष में करीब 250 करोड़ रुपए हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य है। लेकिन यह पूरा नहीं हो पा रहा है। पांचों जोनल कार्यालय से हाउस टैक्स की वसूली के लिए नोटिस जारी किए जा रहे है। मगर बड़ी संख्या में लोग हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं कर रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने पिछले दिनों निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर हाउस टैक्स वसूली की समीक्षा की थी। बैठक में सामने आया कि शहर में लगभग 1500 भवन मालिक लंबे समय से हाउस टैक्स जमा नहीं कर रहे है। इन पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का बकाया है। जबकि नगर निगम की पानी,सीवर प्रकाश व्यवस्था आदि की सुविधा यह लोग ले रहे हैं।

नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि सभी पांचों जोन क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से 20-20 बड़े बकाएदारों की सूची तैयार की है। इन सभी को हाउस टैक्स का बकाया जमा करने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा।इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं करने पर पानी और सीवर कनेक्शन काटे जाएंगे। संपत्तियों को भी सील करने की कार्रवाई की जाएगी। इसमें कई बड़े प्रतिष्ठान को सील करने की तैयारी है।नगर निगम का चालू वित्तीय वर्ष का 250 करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य है। मगर टैक्स का बकाया जमा नहीं होने से अभी तक करीब 158 करोड़ रुपए की वसूली हुई है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि पांचों जोनल प्रभारियों को संपत्ति कर वसूली के साथ-साथ नामांतरण शुल्क, यूजर चार्ज, अस्पताल समेत अन्य सरकारी विभागों से भी वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही अन्य मद से शुल्क बढ़ाने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि हाउस टैक्स की वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। मार्च तक यह अभियान चलेगा। टैक्स का बकाया जमा नहीं करने वालों की संपत्ति सील की जाएगी। नगर निगम सीमा क्षेत्र में करीब 33 गांव आते हैं। निगम की ओर से गांवों में दो साल पहले हाउस टैक्स के नोटिस जारी किए गए थे। मगर गांवों से लोग हाउस टैक्स जमा नहीं कर रहे है।शहर की तरह ग्रामीण गांवों में विकास कार्य कराने की मांग कर रहे हैं। गांवों की सड़कें बदहाल है। जल निकासी का भी इंतजाम नहीं हैं। प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं है।पानी की आपूर्ति भी नहीं हो रही है। ऐसे में गांवों से टैक्स नहीं मिल पा रहा है।