केबीसी में विवादित सवाल, निशाने पर अमिताभ

महानायक बच्चन के खिलाफ पुलिस से शिकायत

मुंबई। लोकप्रिय रियलटी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में प्रतिभागी से विवादित सवाल पूछने पर महानायक अमिताभ बच्चन विवादों में घिर गए हैं। उन पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है। भाजपा विधायक ने इस प्रकरण में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। भाजपा विधायक अभिमन्यु पवार ने लातूर पुलिस से पूरे मामले में शिकायत की है। पुलिस ने अभी एफआईआर दर्ज नहीं की है। शिकायत में विधायक अभिमन्यु पवार ने कहा है कि सोनी टीवी पर प्रसारित कार्यक्रम केबीसी में अमिताभ बच्चन के एक सवाल से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अभिताभ बच्चन ने केबीसी में यह सवाल पूछा था कि विगत 25 दिसंबर 1927 को डॉ. भीमराव अम्बेडकर और उनके अनुयायियों ने इनमें से कौन से धर्मग्रंथ की प्रतियां जलाई थीं, जिनके विकल्प इस प्रकार थे, विष्णु पुराण, श्रीमद भगवत गीता, ऋग्वेद व मनुस्मृति। भाजपा विधायक अभिमन्यु के मुताबिक यह चारों ऑप्शन हिंदू धर्म से जुड़े ग्रंथों के थे। यदि उनकी मंशा सही थी तो उन्हें 4 ऑप्शंस में अलग-अलग धर्म ग्रंथों का नाम भी देना चाहिए था, मगर यहां सिर्फ हिंदू धर्म के धर्म ग्रंथों का उल्लेख ऑप्शन में किया गया। अमिताभ ने ऐसा कर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। हिंदू और बौद्ध धर्म के नागरिकों के मध्य में दूरियां पैदा करने की कोशिश अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी ने की है। विधायक ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि इसके पहले बिग बॉस कार्यक्रम में सिंगर कुमार शानू के बेटे जान कुमार शानू के बयान पर विवाद उठ खड़ा हुआ था। जान कुमार शानू ने मराठी भाषा के प्रति टिप्पणी की थी। विरोध होने पर उन्हें माफी तक मांगनी पड़ी थी।