बार चुनाव नामांकन के अंतिम दिन 17 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा

 

गाजियाबाद। एसोसिएशन के चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। पहले दिन 31 लोगों ने नामांकन किया था। सचिव पद के लिए पहले दिन कोई नामांकन नहीं किया गया था, जबकि दूसरे दिन पांच प्रत्याशियों नितिन यादव, ललित मोहन शर्मा, मनमोहन शर्मा, विकास चौधरी और कपिल त्यागी और अध्यक्ष पद के लिए सत्यकेतु सिंह ने दावेदारी की। इसके अलावा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के लिए मनोज कुमार शर्मा और मनोज आनंद, सह सचिव पुस्तकालय के लिए पूनम गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए सतीश शर्मा, सह सचिव के लिए सुरेंद्र कुमार तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए सुमित त्यागी ने नामांकन किया।

अभी चुनावी मैदान में कुल 48 प्रत्याशी हैं। 10 प्रत्याशियों ने दोपहर तक अपना नामांकन पत्र बार सभागार में चुनाव अधिकारी सुनील दत्त त्यागी, बार सचिव विजय गौड को सौंपा। अन्य प्रत्याशियों ने दोपहर बाद नामांकन किया। दो और प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

आज यानि बुधवार को नामांकन की जांच और नाम वापसी होगी। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि किस पद के लिए कितने दावेदार बचे हैं। कचहरी का माहौल पूरी तरह से चुनाव में रंग चुका है। मजबूत प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

मतदान 7 नवंबर को होगा और उसी दिन देर रात तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। चुनाव के 3 दिन बचे हैं। ऐसे में प्रत्याशियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सुरक्षा की दृष्टि से कचहरी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है, जो हर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं।