-प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और आधुनिक गाजियाबाद बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता: सुनीता दयाल
-महापौर सुनीता दयाल ने शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में शुरू कराए बड़े प्रोजेक्ट
-जर्जर पार्कों का होगा कायाकल्प, मुख्य सड़कों पर साइड पटरी निर्माण से घटेगी धूल
-नालों से अतिक्रमण हटाने की अपील, बंगाल जीत पर कार्यकर्ताओं संग मनाया जश्न
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को प्रदूषण से राहत दिलाने और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य शहर को डस्ट फ्री बनाना, हरित क्षेत्र बढ़ाना और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण करना है। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में पार्षद विनिल दत्त, उदित मोहन, मनु डबास, रेखा गोस्वामी, यशपाल पहलवान, ओमपाल, ज्योति चौहान, राधेश्याम त्यागी, योगेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने महापौर का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर के कई पार्क लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े थे और सड़कों के किनारे कच्ची पटरी होने के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती थी, जिससे वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा था।
स्थानीय नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पार्कों के सौंदर्यीकरण और सड़कों को डस्ट फ्री बनाने की व्यापक योजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों के किनारे साइड पटरी पर टाइल्स लगाने का कार्य शुरू किया गया है, जिससे सड़कें चौड़ी और व्यवस्थित दिखाई देंगी तथा धूल उडऩे की समस्या में काफी कमी आएगी। आने वाले महीनों में इन कार्यों के पूरा होने के बाद शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी। शिलान्यास के दौरान महापौर ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान नालों के ऊपर और आसपास किए गए अतिक्रमण को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्थानीय लोगों से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि यदि नालों पर अतिक्रमण रहेगा तो सफाई कार्य प्रभावित होगा और बरसात के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न होगी। उन्होंने नागरिकों से स्वयं आगे बढ़कर अतिक्रमण हटाने में सहयोग करने का आग्रह किया। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन और जनता दोनों की भागीदारी आवश्यक है।
नगर निगम विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रहा है, जिससे गाजियाबाद को बेहतर शहरी जीवन सुविधाओं वाला शहर बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान महापौर सुनीता दयाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का जश्न भी मनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और इसे विकास व राष्ट्रवाद की जीत बताया। नगर निगम द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों में मोहन नगर ज़ोन में सिकंदरपुर कट से दिल्ली बॉर्डर तक दोनों ओर साइड पटरी पर टाइल्स लगाने का लगभग 3 करोड़ 70 लाख रुपये का कार्य शामिल है। इसके अलावा सिटी ज़ोन में चौधरी मोड़ से दौलतपुरा फ्लाईओवर तक सड़क के दोनों ओर करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से टाइल्स लगाने का कार्य कराया जाएगा। वार्ड 62 हरसांव गांव में सड़क निर्माण कार्य लगभग 50 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
इंदिरापुरम न्यायखंड-2 में मकान संख्या 640 के सामने पार्क का सौंदर्यीकरण लगभग 15 लाख 60 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि सेंट्रल पार्क एवं रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण पर करीब 12 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं वार्ड 43 कड़कड़ मॉडल गांव में रेड सेज पब्लिक स्कूल के सामने स्थित पार्क का विकास लगभग 26 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब इन योजनाओं के शुरू होने से लोगों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर सड़क सुविधा और हरित सार्वजनिक स्थल मिल सकेंगे। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में प्रदूषण स्तर कम करने, यातायात व्यवस्था सुधारने और नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा। शहरवासियों को अब उम्मीद है कि विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे होकर गाजियाबाद को साफ-सुथरा और आधुनिक शहर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
















